Stock Market Today : कच्चे तेल की कीमतों में तेजी का असर, गिरावट के साथ खुले सेंसेक्स और निफ्टी
मुंबई। घरेलू शेयर बाजार में शुक्रवार को शुरुआती कारोबार के दौरान गिरावट देखने को मिली। कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और वित्तीय क्षेत्र की कंपनियों के शेयरों में बिकवाली के दबाव के चलते प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी लाल निशान पर खुले। बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 235.36 अंक गिरकर 78,699.80 अंक पर पहुंच गया। वहीं, एनएसई का 50 शेयरों वाला निफ्टी 24.30 अंक फिसलकर 24,608.25 अंक पर कारोबार करता नजर आया।
इन शेयरों में रही गिरावट
सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व, ट्रेंट, आईसीआईसीआई बैंक, भारती एयरटेल और इटरनल के शेयरों में कमजोरी देखने को मिली। वहीं दूसरी ओर टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS), टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक और इंफोसिस के शेयर बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे।
कच्चे तेल की कीमतों में तेजी
अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल मानक ब्रेंट क्रूड का वायदा भाव 1.16 प्रतिशत बढ़कर 83.45 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। कच्चे तेल की कीमतों में तेजी का असर घरेलू बाजार की धारणा पर भी पड़ा। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने गुरुवार को शुद्ध आधार पर 17.86 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की बिक्री की।
एशियाई बाजारों का मिला-जुला रुख
एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और जापान का निक्की-225 गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे। वहीं चीन का एसएसई सूचकांक और हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त में रहे। इससे पहले गुरुवार को सेंसेक्स 373.76 अंक की तेजी के साथ 78,954.76 अंक पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 11.35 अंक बढ़कर 24,636 अंक पर बंद हुआ था।
ये भी पढ़े :
Stock Market Today: कच्चे तेल में नरमी से सकारात्मक शुरुआत, हरे निशान पर खुले Sensex-Nifty, जानें शेयरों का हाल
