बारिश से कानपुर बेहाल! जाजमऊ में सड़क धंसी तो कई इलाकों में जलभराव, नगर निगम के दावों पर उठे सवाल

Amrit Vichar Network
On

कानपुर में मंगलवार से बुधवार सुबह तक हुई बारिश से कई इलाकों में जलभराव हो गया। जाजमऊ की वीआईपी रोड पर सड़क धंसने से गहरा गड्ढा बन गया, जबकि पुलिस आयुक्त आवास के पास पेड़ गिरने से रास्ता बाधित रहा। जलभराव के बाद नगर निगम की नाला सफाई व्यवस्था पर सवाल उठे हैं।

कानपुर, अमृत विचार। यूपी के कानपुर में मंगलवार से बुधवार सुबह तक हुई बारिश ने शहर की जलनिकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। तेज बारिश के बाद कई इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं जाजमऊ की वीआईपी रोड पर सड़क धंसने से कई फीट गहरा गड्ढा हो गया। इसके अलावा पुलिस आयुक्त आवास के पास पेड़ गिरने से रास्ता भी बाधित रहा।

जाजमऊ VIP रोड पर धंसी सड़क

जाजमऊ की वीआईपी रोड पर सड़क धंसने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। सड़क पर बने गहरे गड्ढे के आसपास बैरिकेडिंग कर दी गई, ताकि कोई हादसा न हो। सुरक्षा के मद्देनजर लोगों को क्षतिग्रस्त हिस्से से गुजरने से रोका गया। सड़क धंसने के कारण यातायात भी प्रभावित रहा।

knp0

गोविंद नगर से सर्वोदय नगर तक जलभराव

बारिश के बाद गोविंद नगर, चावला मार्केट, बर्रा बाईपास रोड, कर्रही रोड, खाड़ेपुर और सर्वोदय नगर समेत कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। सड़कों पर पानी भरने से दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को सबसे ज्यादा परेशानी हुई।

knp

पुलिस आयुक्त आवास के पास गिरा पेड़

बारिश के दौरान पुलिस आयुक्त आवास के पास पेड़ गिरने से मार्ग भी बाधित हो गया। इससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

नाला सफाई के दावों पर फिर उठे सवाल

बारिश के बाद जगह-जगह हुए जलभराव ने नगर निगम के नाला सफाई के दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। नगर निगम की ओर से नालों की सफाई पूरी होने और जलभराव की समस्या कम होने का दावा किया गया था, लेकिन बारिश के बाद कई इलाकों में पानी भरने से जमीनी हकीकत कुछ और नजर आई। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर साल तेज बारिश में जलभराव की समस्या सामने आती है। उनका आरोप है कि स्थायी जलनिकासी व्यवस्था नहीं होने के कारण थोड़ी तेज बारिश में ही सड़कें जलमग्न हो जाती हैं।

यह भी पढ़ें:-यूपी में उफान पर घाघरा-राप्ती, झमाझम बारिश के बाद राजधानी में मौसम सुहाना; आज भी बारिश का अलर्ट

 

संबंधित समाचार