Shahjahanpur News : शाहजहांपुर में जमीन के विवाद में खूनी संघर्ष, लाइसेंसी बंदूक से फायरिंग का आरोप

Amrit Vichar Network
Edited By Ateeq Khan
On

झगड़े में दोनों पक्षों के लोग घायल, जांच में जुटी पुलिस 

बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे रामलड़ैते कथित तौर पर जमीन पर लकड़ी गाड़ने के लिए गड्ढे कर रहे थे। आदेश सिंह ने इसका विरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई और देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई। 

अमृत विचार : शाहजहांपुर जिले के खुदागंज थाना क्षेत्र के मकरंदपुर गांव में एक बीघा जमीन पर कब्जे को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। एक पक्ष ने लाइसेंसी बंदूक से फायरिंग करने का आरोप लगाया है, जिसमें आदेश सिंह घायल हो गए। मारपीट में दोनों पक्षों के कई लोग चोटिल हुए हैं।

जानकारी के अनुसार, आदेश सिंह, और रामलड़ैते के मकान के सामने करीब एक बीघा जमीन पड़ी है। दोनों पक्ष जमीन पर अपना-अपना दावा करते हैं। मामला तिलहर सिविल कोर्ट में विचाराधीन बताया जा रहा है। 

बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे रामलड़ैते कथित तौर पर जमीन पर लकड़ी गाड़ने के लिए गड्ढे कर रहे थे। आदेश सिंह ने इसका विरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई और देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई। 

आरोप है कि इसी दौरान रामलड़ैते व उनके साथियों ने अपनी लाइसेंसी दो नाली बंदूक से फायर कर दिया, जिससे आदेश सिंह घायल हो गए। घटना में आदेश सिंह के अतिरिक्त रमन पाल सिंह, और कल्प सिंह को भी गंभीर चोटें आईं। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटरा ले जाया गया, जहां से आदेश सिंह को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

तमंचे के साथ वीडियो वायरल

वहीं, दूसरे पक्ष के रामलड़ैते और जगपाल सिंह भी घायल हो गए है। बंदूक और तमंचे के साथ कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं। आदेश सिंह के पिता सुरेंद्र सिंह ने बताया कि जमीन को लेकर तिलहर सिविल कोर्ट में मुकदमा चल रहा है। करीब एक सप्ताह पहले दोनों पक्षों के बीच पंचों के माध्यम से समझौता भी हुआ था, लेकिन आरोप है कि दूसरे पक्ष ने समझौते को नहीं माना। 

समझौते के बाद झगड़ा

इसके बाद बुधवार को विवाद बढ़ गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। क्षेत्राधिकारी तिलहर बिधुष सक्सेना ने बताया है कि पारिवारिक ज़मीन का विवाद है। दोनों पक्षों की ओर से शिकायती पत्र आए हैं, हवाई फायरिंग हुई है, यदि कोई घायल हुआ है, उसकी जांच एवं इलाज की प्रक्रिया चल रही है, जो भी जांच में दोषी पाया जाएगा उस पर कार्रवाई की जाएगी। 

 

इसे भी पढ़ें-शाहजहांपुर के पार्षदों ने भ्रष्टाचार की कमाई मिल-बांटकर खाने की कसम खाई, फजीहत के बाद कईयों के फोन बंद

 

संबंधित समाचार