UPSC से NEET-JEE तक फ्री तैयारी : गरीब मेधावियों के सपनों को योगी सरकार का सहारा! कानपुर में सैकड़ों छात्र उठा रहे लाभ

Amrit Vichar Network
On

डीबीएस कॉलेज गोविंद नगर में जल्द खुलेगा नया केंद्र, 250 नए छात्रों को मिलेगा फायदा

कानपुर में मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत 308 छात्र UPSC, UPPSC, NEET, JEE और SSC जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की मुफ्त तैयारी कर रहे हैं। अब गोविंद नगर के DBS कॉलेज में नया SSC केंद्र प्रस्तावित है, जिससे 250 और छात्रों को लाभ मिलेगा।

कानपुर, अमृत विचार। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे आर्थिक रूप से कमजोर और प्रतिभाशाली युवाओं के लिए योगी सरकार की ‘मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना’ कानपुर में उम्मीद की नई किरण बन रही है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में जिले के तीन केंद्रों पर 308 छात्र-छात्राएं सिविल सेवा, नीट, जेईई और एसएससी जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। इन्हें विषय विशेषज्ञों और एम्पैनल्ड शिक्षकों की ओर से निःशुल्क कोचिंग और मार्गदर्शन दिया जा रहा है।

UPSC-UPPSC की तैयारी कर रहे 144 छात्र

छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय में यूपीएससी और यूपीपीएससी की तैयारी के लिए 144 छात्र पंजीकृत हैं। यहां 21 अनुभवी शिक्षक विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करा रहे हैं।

NEET-JEE के 85 छात्रों को फ्री कोचिंग

राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय, कल्याणपुर में मेडिकल और इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी कराई जा रही है। यहां 53 छात्र नीट और 32 छात्र जेईई, यानी कुल 85 विद्यार्थी नामांकित हैं। छात्रों के मार्गदर्शन के लिए आठ एम्पैनल्ड विषय विशेषज्ञ सेवाएं दे रहे हैं।

SSC की तैयारी में जुटे 79 अभ्यर्थी

वहीं राम सहाय राजकीय महाविद्यालय, बैरी शिवराजपुर में एसएससी की तैयारी के लिए 79 छात्र जुड़े हैं। यहां 17 शिक्षक विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षा के लिए तैयार कर रहे हैं।

250 और छात्रों के लिए खुलेगा नया केंद्र

प्रशासन अब मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना का दायरा और बढ़ाने की तैयारी में है। गोविंद नगर स्थित डीबीएस कॉलेज में एसएससी की तैयारी के लिए नया केंद्र खोलने का प्रस्ताव निदेशालय को भेजा जा चुका है। अनुमति मिलते ही यहां कक्षाएं शुरू हो जाएंगी। नया केंद्र शुरू होने पर करीब 250 और प्रतियोगी छात्रों को निःशुल्क कोचिंग का लाभ मिल सकेगा।

आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को मिल रहा बड़ा सहारा

जिला समाज कल्याण अधिकारी शिवम सागर ने बताया कि योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण निःशुल्क कोचिंग उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि छात्रों को बेहतर अध्ययन सामग्री और विषय विशेषज्ञों का मार्गदर्शन उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन ने कहा कि अभ्युदय योजना युवाओं के भविष्य को बेहतर दिशा देने का सार्थक प्रयास है। जिला प्रशासन योजना के विस्तार के साथ छात्रों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

यह भी पढ़ें:-UP Sugar Price: यूपी में चीनी के दामों में बड़ी गिरावट, दो दिन में 300 रुपये प्रति क्विंटल तक सस्ती हुई; जानें वजह

 

संबंधित समाचार