कानपुर में जुलूस-ए-मोहम्मदी में उमड़ा जनसैलाब, परेड ग्राउंड से निकले जुलूस में लाखों लोग शामिल; बारिश ने बढ़ाई परेशानी
पैगंबर मोहम्मद साहब के जन्मदिन पर कानपुर में आधा दर्जन से अधिक स्थानों से जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया। परेड ग्राउंड से निकले सबसे बड़े जुलूस में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। भारी बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव और कीचड़ से लोगों को परेशानी हुई।
कानपुर, अमृत विचार। पैगंबर मोहम्मद साहब के जन्मदिन के अवसर पर बुधवार को कानपुर में जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया। शहर के आधा दर्जन से अधिक स्थानों से निकले जुलूस में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। सबसे बड़ा जुलूस परेड ग्राउंड से निकाला गया, जिसमें कई लाख लोगों के शामिल होने का दावा किया गया।
पुलिस कमिश्नर ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जुलूस
परेड ग्राउंड से निकले जुलूस की कयादत शहर जमीयत उलमा के प्रदेश महासचिव मौलाना अब्दुल्ला ओसामा ने की। पुलिस कमिश्नर ने जुलूस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस बल तैनात रहा।
बारिश और जलभराव ने बढ़ाई परेशानी
जुलूस के दौरान हुई भारी बारिश के चलते शहर के कई प्रमुख मार्गों पर लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। परेड, नई सड़क, पेचबाग और कंघी मोहाल समेत कई इलाकों में जलभराव, कीचड़ और टूटी सड़कों के बीच जुलूस आगे बढ़ा। इसके बावजूद बड़ी संख्या में लोग जुलूस में शामिल रहे।
बाबूपुरवा और रावतपुर से भी निकले जुलूस
शहरकाजी मौलाना मुफ्ती मोहम्मद यूनुस ओवैसी की कयादत में बाबूपुरवा से जुलूस निकाला गया। वहीं रावतपुर में शहरकाजी मौलाना मुश्ताक मुशाहदी की अगुवाई में जुलूस निकाला गया। इसके अलावा कानपुर के विभिन्न इलाकों से भी जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाले गए। इनमें बड़ी संख्या में लोगों ने शिरकत की। प्रशासन और पुलिस की ओर से जुलूस के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के इंतजाम किए गए।
Hardoi News:- तालाब की जमीन पर कब्जा पड़ा भारी, तहसीलदार ने बेदखली के साथ लगाया 4,360 का जुर्माना
