Moradabad News : कोसी और खो नदी में फिर छोड़ा गया अतिरिक्त पानी
मुरादाबाद में रामगंगा नदी का जलस्तर हो रहा तेजी से कम, बारिश थमने से जलस्तर नियंत्रित, प्रशासन बनाए है नजर
मुरादाबाद में रामगंगा नदी का जलस्तर कम हो रहा है, लेकिन कोसी और खो नदी में अतिरिक्त पानी छोड़े जाने से प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है।
मुरादाबाद, अमृत विचार। रामगंगा नदी का जलस्तर कम हो रहा है। लेकिन जलस्तर पर प्रशासन की नजर है। वहीं ढेला नदी के किनारे बसे गांवों में अभी भी पानी ठहरा है। जिससे फसलें खराब होने की चिंता किसानों को सता रही है। वहीं उत्तराखंड के पहाड़ों में भी बारिश का क्रम कम होने से जलस्तर में कमी आ रही है। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि जिले में सभी तटबंध सुरक्षित हैं। हालांकि कोसी और खो नदी में अतिरिक्त पानी छोड़ने से प्रशासन चौकन्ना है।
पिछले दिनों उत्तराखंड के पहाड़ों में हो रही मूसलाधार बारिश के चलते खो नदी, कालागढ़ बैराज से अतिरिक्त पानी छोड़े जाने से जिले में रामगंगा और गागन नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा था, लेकिन बारिश कम होने के बाद जलस्तर नियंत्रित हो रहा है। रामगंगा का पानी उतरा है, जबकि गागन भी स्थिर है। ढेला नदी के किनारे बसे गांवों में जो पानी घुस गया था वह ठहरा है। खेतों में पानी ठहरने से फसलों को नुकसान होने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। वहीं, रामगंगा नदी के तटीय शहरी मोहल्लों जामा मस्जिद पुल के पास व रामगंगा विहार के पिछले हिस्से में भी पानी कम होने से पशुपालकों और स्थानीय नागरिकों को सहूलियत मिली है। कोसी नदी में 3027 और खो नदी में 1840 क्यूसेक अतिरिक्त पानी छोड़ने से प्रशासन चौकन्ना है। कलक्ट्रेट स्थित जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के कंट्रोल रूम से नदियों के जलस्तर की मॉनीटरिंग की जा रही है।
वहीं मंगलवार को सुबह से धूप निकलने से गर्मी और उमस बढ़ गई थी। लेकिन दोपहर बाद अचानक बारिश होने से थोड़ी राहत मिली। मगर उमस बरकरार रही। हालांकि कुछ देर के बाद बारिश थम गई। रुक-रुक कर बूंदाबादी होती रही।
नदियों का जलस्तर
नदी व स्थान खतरे का जलस्तर आज का जलस्तर ट्रेंड
रामगंगा नदी कटघर रेलवे पुल 190.60 मीटर 188.61 गेज मीटर उतार
गागन नदी 192.00 मीटर 189.15 गेज मीटर उतार
रामगंगा नदी कालागढ़ 365.300 मीटर 350.260 गेज मीटर चढ़ाव
ढेला नदी 261.210 मीटर 255.880 गेज मीटर चढ़ाव
कोसी नदी 197.03 मीटर उपलब्ध नहीं उपलब्ध नहीं
खो नदी 225.250 मीटर 223.40 गेज मीटर चढ़ाव
