Share Market News: गाजा अल्टरनेटिव एसेट मैनेजमेंट के शेयर की शानदार लिस्टिंग, 16% की बढ़त के साथ बाजार में शुरुआत

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

160 रुपये के निर्गम मूल्य के मुकाबले BSE पर 185.20 और NSE पर 185 रुपये पर हुई शुरुआत; IPO को मिला था 31.33 गुना सब्सक्रिप्शन

नई दिल्लीः परिसंपत्ति प्रबंधन कंपनी गाजा अल्टरनेटिव एसेट मैनेजमेंट लिमिटेड के शेयर ने बुधवार को शेयर बाजार में मजबूत शुरुआत की। कंपनी का शेयर अपने 160 रुपये के निर्गम मूल्य के मुकाबले करीब 16 प्रतिशत की बढ़त के साथ सूचीबद्ध हुआ।

बीएसई पर कंपनी के शेयर ने 185.20 रुपये पर शुरुआत की, जो निर्गम मूल्य से 15.75 प्रतिशत अधिक है। वहीं, एनएसई पर शेयर 185 रुपये पर सूचीबद्ध हुआ, यानी इसमें निर्गम मूल्य की तुलना में 15.62 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई।

2,481 करोड़ रुपये से अधिक हुआ बाजार मूल्यांकन

शेयर बाजार में मजबूत लिस्टिंग के बाद कंपनी का बाजार मूल्यांकन करीब 2,481.07 करोड़ रुपये रहा। निवेशकों की ओर से आईपीओ को मिले मजबूत रिस्पॉन्स के बाद लिस्टिंग पर भी कंपनी के शेयर में अच्छी तेजी देखने को मिली।

550 करोड़ रुपये का था IPO

गाजा अल्टरनेटिव एसेट मैनेजमेंट का आईपीओ कुल 550 करोड़ रुपये का था। कंपनी ने इसके लिए 152 से 160 रुपये प्रति शेयर का मूल्य दायरा तय किया था।

आईपीओ के लिए बोली लगाने की अंतिम तारीख शुक्रवार थी। अंतिम दिन कंपनी के इश्यू को 31.33 गुना अभिदान मिला था। यानी उपलब्ध शेयरों की तुलना में निवेशकों ने 31 गुना से अधिक शेयरों के लिए बोलियां लगाईं।

IPO से मिले पैसे का इस्तेमाल इन कामों में होगा

कंपनी के मुताबिक नए शेयर जारी कर जुटाई गई राशि का इस्तेमाल कई कारोबारी जरूरतों के लिए किया जाएगा। इसमें कर्ज चुकाना, नए फंड में शुरुआती निवेश और सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए धन का इस्तेमाल शामिल है।

यह भी पढ़ेंः UP Sugar Price: यूपी में चीनी के दामों में बड़ी गिरावट, दो दिन में 300 रुपये प्रति क्विंटल तक सस्ती हुई; जानें वजह

संबंधित समाचार