Moradabad News : रक्षाबंधन पर रोडवेज ने बढ़ाए 410 अतिरिक्त चक्कर, महिलाओं के साथ एक सहयात्री भी कर सकेगा फ्री सफर

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

त्योहार पर यात्रियों के लिए खास तैयारी, दिल्ली-हल्द्वानी और हरिद्वार के लिए चलेंगी स्पेशल बसें

रक्षाबंधन पर यूपी रोडवेज ने मुरादाबाद से 410 अतिरिक्त बसें चलाने का फैसला किया है। महिलाएं एक सहयात्री के साथ फ्री सफर कर सकेंगी।

मुरादाबाद, अमृत विचार। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर भाई के घर राखी बांधने जाने वाली बहनों को उत्तर प्रदेश राज्य परिवहन निगम ने बड़ी सौगात दी है। त्योहार पर यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए मुरादाबाद मंडल प्रबंधन ने 26 से 31 अगस्त तक 410 अतिरिक्त बसें संचालित करने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही, शासन के निर्देशानुसार महिला यात्री अपने साथ एक सहयात्री को भी निशुल्क यात्रा करा सकेंगी।

दिल्ली, हरिद्वार और हल्द्वानी के लिए चलेंगी स्पेशल बसें
परिवहन निगम के सेवा प्रबंधक अनुराग यादव ने बताया कि रक्षाबंधन के प्रोत्साहन अवधि (26 से 31 अगस्त) के दौरान मुरादाबाद मंडल के प्रत्येक डिपो से बसों की उपयोगिता का कुल लक्ष्य 410 अतिरिक्त ट्रिप निर्धारित किया गया है। मुरादाबाद, पीतल नगरी, रामपुर, अमरोहा, बिजनौर और नजीबाबाद समेत विभिन्न डिपो से ये अतिरिक्त चक्कर लगाए जाएंगे। यात्रियों की भारी मांग को देखते हुए आनंद विहार, कौशाम्बी, कश्मीरी गेट, हरिद्वार, बरेली और हल्द्वानी जैसे प्रमुख स्टेशनों के लिए अतिरिक्त ट्रिप संचालित करने की पूरी तैयारी कर ली गई है। अनुबंधित बसों के चक्कर भी यात्रियों की मांग के आधार पर बढ़ाए जाएंगे।

भीड़ वाले मार्गों पर की गई है खास व्यवस्था
सेवा प्रबंधक ने बताया कि डिपो निरीक्षक और स्टाफ लगातार स्थिति की निगरानी करेंगे। मुरादाबाद डिपो से कौशांबी और रामनगर के लिए 10 बसों के अतिरिक्त चक्कर बढ़ाए गए हैं। वहीं, मुरादाबाद, पीतल नगरी, रामपुर और अमरोहा डिपो से दिल्ली, कौशांबी और हल्द्वानी के लिए 38 अतिरिक्त बसें चक्कर लगाएंगी। मुरादाबाद, पीतल नगरी, रामपुर और अमरोहा से दिल्ली, कौशांबी, बरेली के लिए 46 बसें अतिरिक्त फेरे लेंगी। भीड़ वाले मार्गों पर यात्री सुविधा के अनुसार मार्ग परिवर्तन और अतिरिक्त बसों का स्थानांतरण भी किया जा सकेगा।

राखी बनाओ प्रतियोगिता में छात्राओं ने दिखाई प्रतिभा
मुरादाबाद में मंगलवार को स्वदेशी जागरण मंच के महिला प्रकोष्ठ की ओर से मेथोडिस्ट गर्ल्स इंटर कॉलेज में 'राखी बनाओ प्रतियोगिता' का भी आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में 15 विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया।

प्रतियोगिता को दो वर्गों (कक्षा 6 से 9 और कक्षा 10 से 12) में आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि व निर्णायक दल में शामिल राजेंद्र कौर, डॉ. शिल्पा दत्त मलिक और नीतू यादव ने दोनों वर्गों में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया। इसके अलावा चार छात्रों को सांत्वना पुरस्कार भी दिए गए। कार्यक्रम के दौरान प्रांत संयोजक अंजू त्रिपाठी, जिला प्रमुख मीनू विज, महानगर प्रमुख नीलम जैन और नवनियुक्त जिला प्रचार प्रमुख शीतल राजपूत सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहीं।

ये भी पढ़ें - Moradabad News : किसानों को 3.25 लाख करोड़ का गन्ना मूल्य भुगतान

संबंधित समाचार