Moradabad News : किसानों को 3.25 लाख करोड़ का गन्ना मूल्य भुगतान

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

सरकार का बड़ा कदम, गन्ना किसानों के बैंक खातों में भेजे 3.25 लाख करोड़ रुपये

यूपी सरकार ने गन्ना किसानों को अब तक का सबसे बड़ा 3.25 लाख करोड़ रुपये का भुगतान किया है। 99 चीनी मिलों ने शत-प्रतिशत भुगतान पूरा कर लिया है।

मुरादाबाद, अमृत विचार। प्रदेश सरकार ने गन्ना किसानों को अब तक का सर्वाधिक गन्ना मूल्य भुगतान किया है। चीनी उद्योग एवं गन्ना विकास विभाग के अनुसार,सरकार ने किसानों को कुल 3.25 लाख करोड़ रुपये का भुगतान उनके बैंक खातों में भेजा है। वर्तमान पेराई सत्र में भी 94 प्रतिशत से अधिक गन्ना मूल्य का भुगतान कर दिया गया है। 99 चीनी मिलों ने किसानों को देय राशि का शत-प्रतिशत भुगतान कर दिया है।

उप गन्ना आयुक्त हरपाल सिंह ने मंगलवार को बताया कि प्रदेश में किसान कल्याण,चीनी उत्पादन और इथेनॉल क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाएं लागू की गई हैं। परिणामस्वरूप प्रदेश गन्ना उत्पादन,चीनी उत्पादन और इथेनॉल उत्पादन के क्षेत्र में देश में अग्रणी बना है। गन्ना किसानों की औसत आय में प्रति हेक्टेयर 40,720 रुपये की वृद्धि दर्ज की गई है। गन्ना विकास विभाग के आंकड़ों में पिछले नौ वर्षों में प्रदेश की चीनी मिलों ने 9,220 लाख टन गन्ने की पेराई की और 968.58 लाख टन चीनी का उत्पादन किया है। वर्ष 2016-17 में प्रदेश में गन्ने का उत्पादन 1,486.57 लाख से बढ़कर वर्ष 2025-26 में 2,362 लाख टन हो गया। इसी अवधि में चीनी का उत्पादन 87.73 लाख टन से बढ़कर 89.52 लाख टन पहुंच गया।

गन्ने की औसत उत्पादकता भी 72.38 मीट्रिक टन प्रति हेक्टेयर से बढ़कर 82.56 मीट्रिक टन प्रति हेक्टेयर हो गई। किसानों को प्रति हेक्टेयर औसतन 10.18 मीट्रिक टन अतिरिक्त गन्ने की उपज प्राप्त हुई।उन्होंने बताया कि औसत चीनी परता भी 10.61 प्रतिशत से बढ़कर 10.83 प्रतिशत दर्ज किया गया है। गन्ना मूल्य का भुगतान सीधे किसानों के बैंक खातों में किए जाने से बिचौलियों की भूमिका खत्म होने से भुगतान व्यवस्था में पारदर्शिता आई है।

ये भी पढ़ें - Sambhal News : बिना नक्शे निर्माण पर प्रशासन सख्त, 36 भवन मालिकों को नोटिस

संबंधित समाचार