Prayagraj News : प्रयागराज में बोले CM योगी- 'विकास के साथ विरासत का सम्मान' ही सरकार की कार्यशैली

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

प्रेरणा स्थल का लोकार्पण और महापुरुषों की प्रतिमाओं का अनावरण, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर दी श्रद्धांजलि

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को प्रयागराज में प्रेरणा स्थल का लोकार्पण और विभिन्न महापुरुषों की प्रतिमाओं का अनावरण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मंत्र "विकास के साथ विरासत का सम्मान" ही उत्तर प्रदेश सरकार की कार्यशैली का आधार है।

प्रयागराज, अमृत विचार। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को प्रयागराज में प्रेरणा स्थल का लोकार्पण और विभिन्न महापुरुषों की प्रतिमाओं का अनावरण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मंत्र "विकास के साथ विरासत का सम्मान" ही उत्तर प्रदेश सरकार की कार्यशैली का आधार है।

अपने संबोधन की शुरुआत "सियावर रामचंद्र की जय" के उद्घोष से करते हुए मुख्यमंत्री ने भगवान हनुमान, मां गंगा, मां सरस्वती, भगवान शिव और माता पार्वती का स्मरण किया। उन्होंने कहा कि आज का दिन विशेष महत्व का है, क्योंकि महान शिक्षाविद, स्वतंत्रता सेनानी और भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती मनाई जा रही है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने "एक देश में दो विधान, दो निशान और दो प्रधान नहीं चलेंगे" का संकल्प लेकर राष्ट्रीय एकता के लिए संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी के सपनों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में साकार किया गया और जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाकर वहां पूर्ण रूप से भारतीय संविधान लागू किया गया।

मुख्यमंत्री ने प्रयागराज में प्रेरणा स्थल और महापुरुषों की प्रतिमाओं की स्थापना को जनप्रतिनिधियों की सराहनीय पहल बताते हुए कहा कि जिन स्थानों का पहले दुरुपयोग होता था, वे अब समाज को प्रेरणा देने वाले केंद्र बन रहे हैं।

उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए कहा कि छह दशकों के सार्वजनिक जीवन में उनके दामन पर भ्रष्टाचार का कोई दाग नहीं लगा। वहीं, अशोक सिंघल को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर के निर्माण का सपना साकार करने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा।

प्रयागराज के विकास कार्यों का किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार ने महर्षि भारद्वाज की प्रतिमा की स्थापना के साथ उनके आश्रम और मंदिर के जीर्णोद्धार का कार्य कराया है। उन्होंने बताया कि जनवरी 2025 में आयोजित महाकुंभ में 66 करोड़ से अधिक श्रद्धालु प्रयागराज पहुंचे और स्थानीय लोगों ने उनका अभूतपूर्व स्वागत किया।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रयागराज में डॉ. राजेंद्र प्रसाद के नाम पर नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी का निर्माण कराया जा रहा है। साथ ही गंगा नदी पर लगभग 1,000 करोड़ रुपये की लागत से नए पुल के निर्माण का प्रस्ताव भी है। उन्होंने कहा कि शहर की अन्य विकास परियोजनाओं की भी लगातार समीक्षा की जा रही है। अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि जब जनता अच्छे जनप्रतिनिधियों का चुनाव करती है तो उसके सकारात्मक परिणाम विकास के रूप में दिखाई देते हैं।

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज