बाराबंकी : राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने लघु सेतु का किया लोकार्पण, यातायात को मिलेगी रफ्तार
बनीकोडर, बाराबंकी, अमृत विचार : विकास खंड बनीकोडर क्षेत्र के हैदरगढ़-भिटरिया संपर्क मार्ग पर नवनिर्मित भीखरपुर लघु सेतु का लोकार्पण शनिवार को दरियाबाद विधायक एवं उत्तर प्रदेश सरकार के खाद्य एवं रसद राज्य मंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने किया। इस अवसर पर राज्य मंत्री ने कहा कि सरकार क्षेत्र के विकास और आमजन की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
उन्होंने बताया कि पुराना पुल के सकरा होने से इस मार्ग पर अक्सर जाम लगता था, जिससे किसानों, व्यापारियों और राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ती थी। नए और चौड़े पुल के निर्माण से आवागमन सुगम होगा, समय की बचत होगी और क्षेत्र के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को भी गति मिलेगी।
लोकार्पण समारोह में भाजपा जिला मंत्री रूपेश प्रताप सिंह 'लकी', जगत बहादुर सिंह, सुरेंद्र मिश्रा, विवेक तिवारी, जवाहर वर्मा, अभिषेक वर्मा, प्रदीप सिंह, शिवमोहन वर्मा, माधव राज सिंह, राहुल सिंह, संतोष पांडेय, राजू सिंह सहित क्षेत्र के प्रधान, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों ने पुल निर्माण के लिए राज्य मंत्री का आभार व्यक्त किया।
यह भी पढ़ें : गोंडा : काली पट्टी बांध शिक्षामित्रों ने किया सांकेतिक प्रदर्शन, पांच सूत्रीय मांगपत्र सौंपा
