CJP ने खत्म किया जंतर-मंतर आंदोलन, सरकार से सहमति के बाद धरना समाप्त; तीनों मांगे हुईं स्वीकार
केंद्र सरकार के साथ हुई बैठक के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने जंतर-मंतर पर चल रहे आंदोलन को समाप्त करने की घोषणा की। संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में संगठन ने दावा किया कि सरकार ने उसकी प्रमुख मांगों पर सहमति जताई है।
नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर एक महीने से अधिक समय से जारी धरना-प्रदर्शन को समाप्त करने की घोषणा कर दी है। संगठन ने प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्वक अपने-अपने घर लौटने की अपील भी की है।
दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह के साथ हुई बैठक के बाद CJP की ओर से संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस की गई। इस दौरान संगठन के प्रवक्ता सौरव दास और आशुतोष रांका ने कहा कि सरकार के साथ बातचीत सकारात्मक रही और उनकी सभी प्रमुख मांगों पर सहमति बनी है। इसके बाद आंदोलन वापस लेने का फैसला किया गया।
प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई नहीं होगी
संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में केंद्रीय मंत्रियों और CJP के प्रतिनिधियों ने कहा कि आंदोलन में शामिल प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी। यह भी बताया गया कि दिल्ली सहित अन्य राज्यों में आंदोलन के दौरान दर्ज मामलों को लेकर भी सरकार आवश्यक प्रक्रिया अपनाएगी और भविष्य में आंदोलन में शामिल लोगों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होगी।
CJP का दावा- सरकार ने तीन मांगें मानीं
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान CJP ने दावा किया कि सरकार ने उनकी तीन प्रमुख मांगों पर सहमति जताई है। संगठन के अनुसार इनमें शामिल हैं:
- केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा।
- नीट पेपर लीक मामले के बाद आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिवारों को एक करोड़ रुपये का मुआवजा।
- आंदोलन में शामिल प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज मामलों पर कार्रवाई न करना तथा दर्ज एफआईआर को रद्द करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाना।
चार सप्ताह बाद होगी अगली बैठक
बैठक के बाद यह भी जानकारी दी गई कि चार सप्ताह बाद CJP के प्रतिनिधि एक बार फिर केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात करेंगे। प्रस्तावित बैठक में देश की शिक्षा व्यवस्था, नीट समेत अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं के संचालन और परीक्षा प्रणाली में सुधार से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।
यह भी पढ़ेंः झुकती है दुनिया, झुकाने वाला चाहिए...' धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर बोले अभिजीत दीपके
