बाराबंकी : कोर्ट के आदेश पर 13 दिन बाद मारपीट के मामले में FIR, युवक का लखनऊ में इलाज जारी
बाराबंकी। पुराने विवाद को लेकर युवक और उसके परिवार के साथ कथित मारपीट के मामले में पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया है। गंभीर रूप से घायल युवक का लखनऊ के अस्पताल में उपचार चल रहा है। शहर कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि 26 मई की रात बड़े मंगल के भंडारे के बाद उनका बेटा घर के बाहर खड़ा था। आरोप है कि इसी दौरान राघवेन्द्र शुक्ला, सौरभ मिश्रा और उनके साथ आए अन्य लोगों ने उस पर हमला कर दिया।
पीड़िता के अनुसार आरोपियों ने उसके बेटे को घर से बाहर खींचकर लाठी-डंडों, चाकू और लात-घूंसों से मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। महिला का आरोप है कि शोर सुनकर जब वह, उसके पति और अन्य परिजन बचाव के लिए पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट की गई। महिला ने आरोप लगाया है कि घटना के दौरान उसका गला दबाया गया, छेड़छाड़ की गई, कपड़े फाड़े गए और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई।
घायल युवक को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल, लखनऊ रेफर कर दिया गया। पीड़िता का कहना है कि पुलिस से कई बार शिकायत करने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद उन्होंने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट के आदेश पर अब पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
