Kanpur News : उद्यमियों ने नगर आयुक्त के सामने रखीं औद्योगिक क्षेत्र की समस्याएं, सड़क-नाला और स्ट्रीट लाइट पर उठाए सवाल
नगर निगम मुख्यालय स्थित सभागार में नगर आयुक्त ने उद्यमियों के साथ की बैठक
कानपुर में नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने उद्यमियों के साथ बैठक कर औद्योगिक क्षेत्रों की समस्याएं सुनीं। गड्ढों की मरम्मत, नाला सफाई और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।
कानपुर, अमृत विचार। नगर निगम मुख्यालय स्थित सभागार में औद्योगिक क्षेत्र के उद्यमियों की समस्याओं के निराकरण के संबंध में गुरुवार को नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने उद्यमियों के साथ बैठक की, जिसमे उद्यमियों ने कहा कि इस्पात नगर में छह सड़कों व नाले का निर्माण 50 करोड़ रुपये की लागत से होना होना था, लेकिन अभी तक इसमें कोई भी अद्यतन स्थिति का पता तक नहीं चला है। इसपर नगर आयुक्त ने कहा कि केडीए में होने वाली बैठक में इस बिंदु पर चर्चा की जाएगी।
उद्यमी उमंग ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र में नाले व नालियों की सफाई सही से नहीं की जा रही है, जिसकी वजह से बारिश में जलभराव की काफी स्थित हो रही है। ऐसे में न सिर्फ उद्यमियों को आवागमन में दिक्कत हो रही है, बल्कि कर्मचारियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसपर नगर आयुक्त ने जोनल अभियंता-5 को मशीन से नाले की सफाई कराते हुए जल निकासी सुनिश्चित करने और कार्य के समय उद्यमी उमंग से वार्ता करने के निर्देश दिए।
उद्यमियों ने सुझाव दिया कि औद्योगिक क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को और अधिक बेहतर बनाये जाने के लिए सफाई कर्मचारियों के ड्यूटी समय में परिवर्तन किया जाए। नया समय सुबह 10 बजे के बाद से किया जाए, जिससे उद्यमी मौके पर उपस्थित रहे सके। इसपर नगर आयुक्त ने कहा कि बाईलाज को देखते हुए फिलहाल ऐसा सम्भव नहीं है, फिर भी नगर स्वास्थ्य अधिकारी से इस पर चर्चा की जाएगी।
फिलहाल 10 जुलाई से कुछ क्षेत्रों में सफाई के समय का परिवर्तन करते हुए सफाई कराने के निर्देश जोनल स्वच्छता अधिकारी-5 को निर्देश दिये है। रूमा औद्योगिक क्षेत्र के उद्यमियों ने बताया कि यूपीसीडा के साथ नगर निगम द्वारा भी गृहकर वसूली का नोटिस भेजा जा रहा है। तभी जोनल अधिकारी ने कहा कि नगर निगम अधिनियम के अन्तर्गत गृहकर के लिए नोटिसें भेजी गयी है। इसपर अपर नगर आयुक्त प्रथम को दोनों प़क्षों को सुनकर नियमानुसार कार्यवाही सुनिश्चित कराने को कहा।
औद्योगिक क्षेत्र में गड्ढों की समस्या 15 दिन में होगी दूर
उद्यमियों ने बताया कि जब तक केडीए सड़क व नाले का निर्माण नहीं करता है, तब तक क्षेत्र के गड्डों पर पैचमरम्मत करा दिया गया, जिससे कोई अप्रिय घटना न हो सके। वहीं, फजलगंज में जलकल विभाग द्वारा सीवर लाइन डाली गयी थी, लेकिन लाइन डालने के बाद सड़क रेस्टोरेशन का कार्य नहीं गया है, जिसके कारण काफी दिक्कतें हो रही है।
जानकारी पर नगर आयुक्त ने जोनल अभियंता को निर्देश दिया कि जो औद्योगिक क्षेत्र नगर निगम सीमा में है, उन सभी का आज ही सर्वे कराकर गड्ढों पर पैचमरम्मत की कार्यवाही 15 दिन में पूरी की जाए। वहीं, जलकल विभाग से वार्ता कर रेस्टोरेशन का कार्य कराये, नहीं तो नगर निगम द्वारा किया जाए।
मार्ग प्रकाश की व्यवस्था अत्यंत खराब
उद्यमियों ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र में मार्गप्रकाश की व्यवस्था अत्यन्त खराब है, रात में काफी दुर्घटनाएं हो रही है। इसपर अपर नगर आयुक्त प्रथम को एक सप्ताह के अंदर औद्योगिक क्षेत्र में प्रकाश की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने और 10 जुलाई से ही टीम भेजकर सर्वे कराने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर नगर आयुक्त अनूप कुमार, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी विजय कुमार, जोनल अभियंता कमलेश पटेल और आईआईए चयेरमैन आरके अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष सुनील वैश्य, जय कुमार, संदीप अवस्थी, लालजी, शेष नारायण तिवारी, हरि त्रिपाठी, ममता शुक्ला, विनोद पाल, एचबी सिंह, अजय त्रिवेदी, विनोद कुमार, अनिल चौरासिया, मनोज गुप्ता आदि रहे।
