Barabanki News : किसान की मौत पर भड़का गुस्सा, सड़क पर शव रखकर परिजनों ने रोका अंतिम संस्कार

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

निन्दूरा/बाराबंकी, अमृत विचार। बुधवार रात हुए हादसे में किसान की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों व ग्रामीणों ने अंतिम संस्कार से इंकार कर शव सड़क पर रख प्रदर्शन शुरु कर दिया। मौके पर पहुंचे प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद शव का अंतिम संस्कार हुआ।  

बता दें कि घुंघटेर थाना क्षेत्र के सिकटिया गांव निवासी 45 वर्षीय राम सिंह बुधवार शाम अपनी कार से घर लौट रहे थे। आरोप है कि पीछे से आए सीएचसी अधीक्षक डॉ. आर.पी. वर्मा के वाहन की टक्कर से उनकी कार सड़क किनारे खाई में पलट गई। गंभीर रूप से घायल राम सिंह को पहले सीएचसी और बाद में जिला अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया और मृतक की पत्नी को सरकारी नौकरी, आर्थिक सहायता, कृषक दुर्घटना बीमा का लाभ, कृषि भूमि का पट्टा, आवास आदि की मांग की।

सूचना पर उपजिलाधिकारी फतेहपुर कार्तिकेय सिंह, क्षेत्राधिकारी फतेहपुर जगत राम कनौजिया, नायब तहसीलदार अनु सिंह समेत घुंघटेर, बड्डूपुर, कुर्सी और माती थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों से वार्ता कर शासन की पात्र योजनाओं के तहत हरसंभव सहायता दिलाने तथा प्रकरण में नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिया। काफी देर बातचीत के बाद ग्रामीण अंतिम संस्कार के लिए राजी हो गए।

संबंधित समाचार