Kanpur Dehat News : खेत में अचानक गश खाकर गिरा किसान, मौके पर थम गई सांसें; परिवार में मचा कोहराम

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

कानपुर देहात, अमृत विचार। मंगलपुर थाना क्षेत्र के असलनापुर गांव में गुरुवार को खेत पर फसल देखने गए एक युवा किसान की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के अनुसार, असलनापुर निवासी 28 वर्षीय ज्ञान सिंह गुरुवार सुबह अपने खेत में कद्दू की फसल देखने गए थे। इसी दौरान अचानक उन्हें चक्कर आया और वह खेत में ही गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने जब तक उन्हें संभालने का प्रयास किया, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव को घर ले आए। युवक की मौत की खबर सुनते ही पत्नी प्रिया, मां राजरानी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक के भतीजे सौरभ ने बताया कि ज्ञान सिंह सुबह करीब 11 बजे खेत गए थे। उनके परिवार में पत्नी के अलावा दो छोटे बेटे कार्तिक और गोपाल हैं, जिनके सिर से पिता का साया उठ गया।

सूचना मिलने पर संदलपुर चौकी प्रभारी अरविंद मिश्रा मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मंगलपुर थाना प्रभारी महेश दुबे ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण स्पष्ट होंगे और उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार