लखनऊ में डेढ़ लाख की घूस मांगने वाला दरोगा निलंबित

Amrit Vichar Network
Published By Virendra Pandey
On

लखनऊ, अमृत विचार: रहीमाबाद थाने पर तैनात दरोगा ने धोखाधड़ी के मामले में आरोपी को बचाने के लिए डेढ़ लाख रुपये की मांग की। आरोपी के भाई ने मामले का सौदा एक लाख रुपये में तय किया। दोनों की बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

पीड़ित ने इस मामले की शिकायत डीसीपी से भी की है। रहीमाबाद इंस्पेक्टर अरुण त्रिगुणायत ने वायरल वीडियो की रिपोर्ट पुलिस कमिश्नर समेत सभी उच्चाधिकारियों को भेज दी है। देर शाम को दरोगा गुड्डू प्रसाद को निलंबित कर दिया। उनके खिलाफ जांच एसीपी अलीगंज को सौंप दी है।

माल के करेंद गांव निवासी विष्णु कुमार द्विवेदी के मुताबिक, उनके भाई संतोष कुमार द्विवेदी वर्ष 2023 में कहीं लापता हो गए थे। जिसकी गुमशुदगी माल थाने में उनके बेटे शुभम ने दर्ज कराई थी। संतोष द्विवेदी ने बैंक ऑफ इंडिया गहदो शाखा से वर्ष 2021 में सोना जमा करके करीब नौ लाख 14 हजार रुपये लोन लिया था। बैंक के वैल्वुअर (मूल्य निर्धारक) सत्यम सोनी ने सोने की कथित तौर पर अधिक वैल्यू करीब नौ लाख रुपये बता दी थी। सही समय से किस्त आदि न आने पर बैंक मैनेजर ने जांच करवाई। जांच में बात सामने आई कि सोने की कीमत महज एक लाख 35 हजार रुपये ही है।

इस पर बैंक मैनेजर ने सत्यम और संतोष के खिलाफ वर्ष 2026 में रिपोर्ट रहीमाबाद थाने में दर्ज कराई थी। इसकी विवेचना थाने के दरोगा गुड्डू प्रसाद कर रहे हैं। मामले से बचाने के नाम पर दरोगा पर आरोपी के भाई विष्णु कुमार द्विवेदी से डेढ़ लाख रुपये मांगने का आरोप है।

3.50 सेकेंड के वीडियो में एक लाख पर बात तय हुई। विष्णु द्विवेदी ने डीसीपी से शिकायती पत्र में दरोगा पर यह आरोप लगाया कि 17 मई को बेटे शांतनु को घर से पकड़ कर ले गए। दरोगा ने शांतनु को पीटा और 25 हजार रुपये लेकर छोड़ा। पूरा परिवार दरोगा की प्रताड़ना से परेशान है। पुलिस कमिश्नर कार्यालय से देर शाम को जारी आदेश में दरोगा गुड्डू प्रसाद को निलंबित कर दिया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार