Barabanki News : रामनगर तहसील में नाजिर और पेशकार के बीच मारपीट, CCTV में कैद हुआ हंगामा
बाराबंकी। रामनगर तहसील परिसर में गुरुवार को दो कर्मचारियों के बीच चल रहा विवाद मारपीट में बदल गया। तहसील के नाजिर अरविंद शुक्ला और तहसीलदार के पेशकार आशुतोष सिंह के बीच हुई हाथापाई से तहसील परिसर में अफरा-तफरी मच गई। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जबकि मौके पर मौजूद लोगों ने भी वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों कर्मचारियों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। आरोप है कि पेशकार ने बाहर से कुछ लोगों को बुला लिया, जिन्होंने नाजिर को तहसीलदार के न्यायालय कक्ष से बाहर खींचकर मारपीट की। इसके बाद बरामदे में दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक धक्का-मुक्की और हंगामा होता रहा। मौके पर मौजूद तहसीलदार और अन्य कर्मचारियों ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को अलग कराया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हो सकी।
बिजली खर्च को लेकर चल रहा था विवाद
बताया जा रहा है कि दोनों कर्मचारियों के बीच पिछले कई दिनों से कार्यालय में अनावश्यक बिजली खर्च रोकने को लेकर विवाद चल रहा था। गुरुवार को यही विवाद उग्र होकर मारपीट तक पहुंच गया। देर शाम एसडीएम और तहसीलदार विपुल सिंह की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच बातचीत कर मामला शांत कराया गया। तहसीलदार ने बताया कि आपसी विवाद के चलते हाथापाई की नौबत आई थी, जिसे समझाइश देकर समाप्त करा दिया गया।
पहले से थी विवाद की जानकारी
तहसील कर्मचारियों का कहना है कि दोनों के बीच पिछले दो-तीन दिनों से तनाव बना हुआ था और इसकी जानकारी अधिकारियों को भी थी। कर्मचारियों का आरोप है कि यदि समय रहते प्रशासनिक स्तर पर हस्तक्षेप किया जाता, तो मारपीट जैसी घटना टाली जा सकती थी। घटना के बाद कर्मचारियों के बीच अधिकारियों की भूमिका को लेकर भी चर्चा होती रही।
