Kanpur News: 150 करोड़ का एयरपोर्ट, लेकिन लिंक रोड अब तक अधूरा; जाजमऊ से पहुंचने का रास्ता भी नहीं जानते अधिकारी

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

विमानों की संख्या दिन प्रतिदिन हो रही कम, 100 एकड़ जमीन क्या करेंगे?

कानपुर, अमृत विचार। चकेरी से 3 किमी दूर आधुनिक साज सज्जा से लैस कानपुर एयरपोर्ट का निर्माण कराया गया जिसपर 150 करोड़ रुपये से अधिक का खर्च आया लेकिन एयरपोर्ट असुविधाओं के कारण अपनी किस्मत पर रो रहा है। जाजमऊ के रास्ते से एयरपोर्ट का रास्ता बहुत करीब है लेकिन इस लिंक मार्ग को भी ठीक नहीं कराया गया। कई अधिकारियों को तो जाजमऊ से एयरपोर्ट जाने का रास्ता ही नहीं पता है।

जाजमऊ से कानपुर एयरपोर्ट जाने वाले रास्ते के बारे में अधिकारी नहीं जानते, ये राज उस वक्त खुला जब सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में अधिकारियों के साथ मीटिंग में उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने पूछा था कि कितने लोग जाजमऊ से होते हुए कानपुर एयरपोर्ट का रास्ता जानते हैं। इसपर एक भी ऐसा अधिकारी नहीं था जिसने हाथ उठाकर ये कहा हो कि मुझे ये रास्ता पता है। इस रास्ते में बड़े बड़े गड्ढे हैं, अगर आपको फ्लाइट पकड़नी है तो रास्ते में जानवरों का झुंड मिल सकता है और आपकी फ्लाइट मिस हो सकती है।

एयरपोर्ट के लिए मवइया और शेखपुर में 100 एकड़ जमीन अधिग्रहीत होगी

कानपुर एयरपोर्ट 50 एकड़ भूमि पर बनाया गया है लेकिन एयरपोर्ट के लिए कम पड़ रहा है, मवइया और शेखपुर में 100 एकड़ जमीन की मांग रखी गयी थी जिसके लिए 450 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। प्रस्ताव में कहा गया है कि 50 जमीन पर शॉपिंग एरिया, लाउंज, प्रतीक्षालय आदि बनेंगे जबकि 50 एकड़ जमीन पर कई अन्य विस्तार किया जाएगा कुल मिलाकर कानपुर एयरपोर्ट के विस्तार में कुल लागत 600 करोड़ आंकी जा रही है। बताते चलें कि प्रस्तावित विस्तार के तहत जमीन अधिग्रहण के साथ-साथ छह विभाग नगर निगम, केडीए, पीडब्ल्यूडी, सिंचाई विभाग, जलकल और केस्को से जन सुविधाओं को व्यवस्थित रूप से शिफ्ट करने के लिए प्रस्ताव तैयार किए गए हैं।

फ्लाइट कम हो रहीं, एयरपोर्ट का विस्तार करके क्या करेंगे

कानपुर एयरपोर्ट का जब 2023 में उद्घाटन हुआ था तो शहरवासियों में खुशी की लहर थी कि अब फ्लाइट पकड़ने के लिए लखनऊ या दिल्ली नहीं जाना पड़ेगा लेकिन मात्र एक एयरलाइंस इंडिगो के ही विमान उड़ान भर रहे हैं। आकाशा एयरलाइंस ने सर्वे कर लिया लेकिन बाद में अयोध्या से उड़ान शुरु कर दी गई। इसी प्रकार एयर इंडिया ने भी सर्वे किया लेकिन इंडिगो ही अकेले उड़ान भर रही है। हैदराबाद फ्लाइट बंद हो गयी, मुंबई फ्लाइट बंद हो गई, दिल्ली वाली फ्लाइट मुंबई तक भेज रहे हैं, बंगलुरु फ्लाइट का भी कोई भरोसा नहीं है।

कानपुर एयरपोर्ट पर एक नजर

1- नये कानपुर एयरपोर्ट का उद्घाटन 2023 में हुआ
2- अभी कानपुर 50 एकड़ भूमि पर है, 100 एकड़ और मांगी गयी।
3- नया सिविल टर्मिनल की लागत 150 करोड़, क्षेत्रफल 6243 वर्गमीटर
4- डिपार्चर साइड में 300 व एराइवल साइड में 150 यात्रियों के बैठने की क्षमता है
5- 850 वर्ग मीटर क्षेत्र में फैले कंसेशियर एरिया में यात्रियों के लिए खरीदारी और भोजन की विविध रेंज।
5-दृष्टिबाधित यात्रियों के लिए स्पर्श पथ प्रविधान भी है।
6-200 यात्री वाले बड़े विमान भी यहां पर आ और जा सकते हैं।
7- रेन वाटर हार्वस्टिंग और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट भी है।
8-कम दृश्यता में उड़ान के लिए आइएलएस-2 लगा है
9- रात में हवाई जहाज उतरने और उड़ने की व्यवस्था की तैयारी है।
10- 3 विमानों की पार्किंग, 8 चेक-इन-काउंटर, 150 वाहनों की पार्किंग है
11- अब एयरपोर्ट विस्तार के लिए 600 करोड़ रुपये चाहिये।

संबंधित समाचार