Kannauj News : स्कूल परिसर में मक्का सुखाने से रोका तो रसोइया से मारपीट, जातिसूचक टिप्पणी का आरोप; FIR दर्ज
कन्नौज के सौरिख स्थित कंपोजिट विद्यालय तुलसीपुर में स्कूल परिसर में मक्का सुखाने से रोकने पर महिला रसोइया से कथित मारपीट और जातिसूचक टिप्पणी का मामला सामने आया है। पुलिस ने दो नामजद और तीन-चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
छिबरामऊ, कन्नौज, अमृत विचार। विकास खंड सौरिख क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय तुलसीपुर में कुछ ग्रामीण मक्का सुखा रहे थे। जब महिला रसोइया ने मना किया तो आरोपियों ने उसे पीट दिया। साथ ही जातिसूचक शब्द और धमकी भी दी। छिबरामऊ कोतवाली में दो नामजद व तीन-चार अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज हो गया है। जांच सीओ सुरेश कुमार को दी गई है।
गांव जाफराबाद निवासी फूलन देवी कठेरिया ने बताया कि गांव के ही आलोक यादव और सुमित यादव ने विद्यालय परिसर व रसोई घर के बाहर मक्का फैला रखा था। प्रभारी प्रधानाध्यापक राहुल मिश्र ने रसोइया से कहा कि इन ग्रामीणों से कहकर स्कूल परिसर से मक्का हटवा दो। बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है। कक्षों के कमरे भी नहीं खुल रहे हैं। जब वह मक्का हटाने की बात कहने गई तो आरोपी भड़क गए और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर मारापीटा।
एफआईआर के मुताबिक आरोपियों ने तीन-चार सहयोगियों को भी बुला लिया। कहा कि मक्का सूखती है और सूखती रहेगी। शोर-शराबा सुनकर प्रभारी प्रधानाध्यापक और विद्यालय का स्टाफ मौके पर पहुंचा। आरोपियों से रसोइया को बचाया गया। आरोपी धमकी देकर फरार हो गए। मामले की सूचना डायल 112 पुलिस को दी, जिसने घटना की जानकारी जुटाई।
विधायक से शिकायत के बाद दर्ज हुआ मुकदमा
बताया गया है कि बाद में पीड़िता ने भाजपा विधायक अर्चना पांडेय से मिलकर शिकायत की। विधायक के निर्देश पर छिबरामऊ कोतवाली पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया। प्रभारी निरीक्षक कपिल दुबे ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
