सूटकेस में पत्नी का शव छिपाकर फरार हुआ पति, दो महीने बाद वाराणसी में हुआ गिरफ्तार
सिलवासा में वारदात के बाद आरोपी लगातार ठिकाने बदलता रहा, मंडुआडीह के चांदपुर औद्योगिक क्षेत्र की फैक्ट्री में छिपकर कर रहा था काम; STF और सिलवासा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
वाराणसीः दादरा एवं नागर हवेली के सिलवासा में पत्नी की हत्या कर शव सूटकेस में छिपाकर फरार हुए आरोपी पति को लगभग दो माह बाद विशेष कार्य बल (एसटीएफ) की वाराणसी इकाई और सिलवासा पुलिस ने संयुक्त अभियान में सोमवार को मंडुआडीह क्षेत्र के चांदपुर औद्योगिक क्षेत्र से गिरफ्तार किया। आरोपी यहां एक फैक्ट्री में नाम बदलकर नौकरी कर रहा था।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि बिहार के नवादा जिले का निवासी ऋषभ कुमार सिंह अपनी पत्नी छोटी उपाध्याय के साथ सिलवासा में किराए के मकान में रहता था। दोनों एक ही गांव के निवासी थे और परिजनों की इच्छा के विरुद्ध प्रेम विवाह कर साथ रहने लगे थे।
बताया गया कि छोटी उपाध्याय अक्सर ऋषभ पर अपने घर चलने का दबाव बनाती थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद होता रहता था। इसी विवाद के चलते नौ जून को ऋषभ ने किराए के मकान में छोटी उपाध्याय की हत्या कर दी। इसके बाद उसने शव को प्लास्टिक में लपेटकर एक बड़े सूटकेस में बंद कर दिया और वहां से फरार हो गया। करीब दो माह तक कमरे में ताला बंद रहने के बाद मकान मालिक किसी अन्य व्यक्ति को कमरा दिखाने पहुंचे। दरवाजा खोलते ही तेज दुर्गंध आने पर उन्होंने इसकी सूचना सिलवासा पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के दौरान सूटकेस खोला, जिसमें छोटी उपाध्याय का शव बरामद हुआ। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि हत्या के बाद आरोपी विभिन्न स्थानों पर छिपता रहा और बाद में वाराणसी के मंडुआडीह स्थित चांदपुर औद्योगिक क्षेत्र की एक फैक्ट्री में नाम बदलकर नौकरी करने लगा।
इस सूचना पर सिलवासा पुलिस और एसटीएफ की वाराणसी इकाई ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने हत्या की वारदात के संबंध में पुलिस को जानकारी दी। गिरफ्तारी के बाद उसे मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया, जहां से ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद सिलवासा पुलिस उसे अपने साथ ले गई। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह जानकारी भी सामने आई है कि छोटी उपाध्याय का पूर्व में भी विवाह हो चुका था। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
यह भी पढ़ेंः Sitapur News: सीतापुर-हरदोई बॉर्डर पर कपड़े में लिपटी लाश मिलने से हड़कंप, जांच में जुटी पुलिस
