Chitrakoot News: शाम को घर से निकला ग्रामीण, सुबह झाड़ियों में मिला खून से लथपथ शव; पांच पर केस
रविवार शाम घर से निकले रोहित निषाद का शव सोमवार सुबह बंबुरा चौराहे के पास झाड़ियों में मिला, पत्नी की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
चित्रकूट के मऊ थाना क्षेत्र में ग्रामीण रोहित निषाद की हत्या से सनसनी फैल गई। सोमवार सुबह उसका रक्तरंजित शव झाड़ियों में मिला। पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है
चित्रकूट। मऊ थाना क्षेत्र के मंडौर ग्राम पंचायत के मजरे बंबुरा में एक ग्रामीण की हत्या का मामला सामने आया है। सोमवार सुबह सड़क किनारे झाड़ियों में युवक का रक्तरंजित शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
रविवार शाम घर से निकला था रोहित
मृतक की पहचान रोहित निषाद (45) पुत्र रामदास के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, रोहित रविवार शाम करीब छह बजे घर से निकला था। देर शाम तक वापस नहीं लौटने पर परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की। सोमवार सुबह बंबुरा चौराहे के पास बालू डंप खदान से सटी झाड़ियों में सड़क किनारे रोहित का शव पड़ा मिला। शव पर चोट के निशान बताए जा रहे हैं। आशंका है कि हमलावरों ने लाठी-डंडों और सांग से हमला कर उसकी हत्या की और शव को झाड़ियों में फेंक दिया।
शराब के ठेके के पास विवाद की बात आई सामने
सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी मऊ फहद अली और थाना प्रभारी निरीक्षक श्रीप्रकाश यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी के मुताबिक, शुरुआती पूछताछ में रोहित का गांव के पास स्थित शराब के ठेके के आसपास कुछ लोगों से विवाद होने की बात सामने आई है। पुलिस इसी एंगल को भी ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
मृतक की पत्नी कुसमा देवी की तहरीर के आधार पर पुलिस ने गोरेलाल पुत्र रामसखा, रामराज और राजू पुत्र हनुमान, हनुमान पुत्र रामखेलावन निवासी बंबुरा और संजय निषाद पुत्र दुर्गा निवासी पोतनिहा का पुरवा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
