बाराबंकी में तेज रफ्तार डाला पलटा: डिवाइडर से टकराने के बाद सड़क पर बिखरा दूध, हाईवे पर लगा लंबा जाम

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

गोंडा से लखनऊ दूध लेकर जा रहा हाफ डाला नवीन मंडी फ्लाईओवर के पास हादसे का शिकार, चालक घायल; पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद यातायात कराया बहाल।

बाराबंकी, अमृत विचार। जिले में रविवार को एक तेज रफ्तार दूध से लदा हाफ डाला अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद वाहन में रखे दूध के केन सड़क पर बिखर गए और बड़ी मात्रा में दूध फैल गया। दुर्घटना के कारण काफी देर तक यातायात बाधित रहा और मौके पर लंबा जाम लग गया।

जानकारी के अनुसार, गोंडा के करनैलगंज से लखनऊ की ओर दूध लेकर जा रहा हाफ डाला नगर कोतवाली क्षेत्र में नवीन मंडी के सामने स्थित फ्लाईओवर के पास पहुंचा था। इसी दौरान चालक ने आगे चल रहे एक टैंकर को ओवरटेक करने की कोशिश की।

ओवरटेक के दौरान वाहन का संतुलन बिगड़ गया। हाफ डाला पहले डिवाइडर से टकराया और फिर सड़क पर पलट गया। टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन में लदे दूध के केन सड़क पर बिखर गए और काफी मात्रा में दूध सड़क पर फैल गया।

हादसे में चालक गौरव गुप्ता घायल हो गया। सूचना मिलने पर नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चालक को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। साथ ही पुलिस ने यातायात व्यवस्था संभालते हुए दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाने की कार्रवाई शुरू की।

दुर्घटना के चलते कुछ समय तक हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। बाद में पुलिस ने क्षतिग्रस्त हाफ डाला और सड़क पर बिखरे सामान को हटवाकर यातायात को सामान्य कराया।

प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और टैंकर को ओवरटेक करने के दौरान वाहन के अनियंत्रित हो जाने को माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ेंः बाराबंकी हादसा: बरगद की डाल गिरने से टूटी बिजली लाइन, तार की चपेट में आने से 75 वर्षीय बुजुर्ग की मौत

संबंधित समाचार