सीतापुर में धारदार हथियार से किसान की हत्या, पुरानी रंजिश में उतारा मौत के घाट, आरोपी फरार 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

सीतापुर, अमृत विचार: पुरानी रंजिश के मामले में केस वापस न लेने पर किसान की घर में घुसकर हत्या कर दी गई। फरसे से हुई हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पिसावां थानाक्षेत्र के खजुन्ना गांव में हुई हत्या को लेकर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।

फिलहाल गांव में पुलिस बल तैनात है। पिसावां थाना क्षेत्र के खजुन्ना गांव निवासी पवनेश के मुताबिक, उसके पिता सुरेश कुमार (52) घर पर थे। इसी दौरान गांव निवासी कन्हैया लाल अचानक घर में घुस आया। जब तक लोग समझ पाते, उसने फरसे से सुरेश कुमार पर कई वार कर दिए। 

चीख-पुकार के बीच पवनेश ने आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया और उसके हाथ से फरसा छीन लिया। बढ़ते हंगामे के बीच कन्हैय्या लाल अपने साथियों के साथ घर भाग निकला, इस दौरान घटनास्थल पर ही फरसा छूट गया। उपचार के दौरान घायल सुरेश की मौत हो गई। सूचना मिलने पर एएसपी दुर्गेश सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारियों ने मौका मुआएना कर परिवार से जानकारी ली।

थाना प्रभारी सुनीत कुमार का कहना है कि पुरानी रंजिश में हुई हत्या के मामले में रपट दर्ज कर ली गई है। आरोपी की तलाश की जा रही है। एक ही गांव के दोनों पक्ष होने के कारण गांव में पुलिस बल तैनात है।

दबाव काम न आया तो कर दी हत्या

मृतक सुरेश कुमार के पुत्र पवनेश का आरोप है कि करीब एक वर्ष पहले भी आरोपियों ने उनके घर में घुसकर मारपीट की थी, जिसमें पिसावां थाने में मुकदमा दर्ज हुआ था। उसी मामले में समझौते का दबाव बनाया जा रहा था। समझौता न करने पर पुरानी रंजिश के चलते ही हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया।

जीविकोपार्जन के लिए खेती ही सहारा

पवनेश ने बताया कि वह तीन भाइयों में सबसे बड़ा है। उसके छोटे भाई प्रवीण कुमार और प्रशांत कुमार हैं। पूरा परिवार खेती पर ही निर्भर है। घटना के बाद परिवार दहशत में है।

ये भी पढ़ें  : 
फरक्का एक्सप्रेस की चपेट में आया युवक, हुई दर्दनाक मौत, बाइक से मिला पहचान का सुराग

संबंधित समाचार