'नई राह खोजने का साहस रखें, चुनौतियां खुद बन जाएंगी अवसर’ ..... IIT दिल्ली में PM मोदी का बड़ा संदेश, परम प्रज्ञा सुपरकंप्यूटर का उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) दिल्ली के 57वें दीक्षांत समारोह को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने छात्रों से बदलती दुनिया के साथ खुद को लगातार अपडेट रखने और सीखने की इच्छा को बनाए रखने का आह्वान किया। पीएम मोदी ने कहा कि तेजी से बदलती दुनिया में वही लोग आगे बढ़ेंगे, जो लगातार सीखते रहेंगे। प्रधानमंत्री ने छात्रों से अपनी जिज्ञासा बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि कोई नहीं जानता कि आने वाले 20-30 वर्षों में दुनिया कैसी होगी। ऐसे में नई परिस्थितियों के लिए तैयार रहना और लगातार सीखते रहना ही सफलता की कुंजी है।
https://twitter.com/narendramodi/status/2085974055493198318?s=20
‘जो सीखते हैं, वही जीतते हैं’
पीएम मोदी ने कहा, “जिंदगी में अपनी जिज्ञासा बनाए रखें और सीखने की इच्छा को जिंदा रखें। जो सीखते हैं, वही जीतते हैं।” उन्होंने कहा कि दुनिया और तकनीक बहुत तेजी से बदल रही है। जिन लोगों में नई परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढालने और नए समाधान खोजने का साहस होता है, वे चुनौतियों को अवसर में बदल देते हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि यही क्षमता छात्रों ने IIT दिल्ली में अपने अध्ययन के दौरान हासिल की है।
‘चुनौतियां ही अवसर बन जाती हैं’
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जो लोग नई स्थितियों और चुनौतियों के लिए तैयार रहते हैं, वे मुश्किल परिस्थितियों को भी अवसर में बदल देते हैं। उन्होंने छात्रों से अपने ज्ञान और तकनीकी क्षमता का इस्तेमाल देश की जरूरतों के समाधान खोजने में करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज दुनिया में शक्ति का संतुलन तेजी से बदल रहा है और इसके पीछे सबसे बड़ी ताकत प्रौद्योगिकी की गति है।
‘आत्मनिर्भर भारत’ पर PM मोदी का जोर
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में तेजी से काम कर रहा है। देश में युवाओं के लिए नए-नए अवसर और क्षेत्र उभर रहे हैं।उन्होंने सेमीकंडक्टर क्षेत्र का उदाहरण देते हुए कहा कि जब भारत ने इस दिशा में कदम बढ़ाए तो कई लोगों ने सवाल उठाया था कि क्या देश ऐसा कर पाएगा। लेकिन अब भारत की पहली सेमीकंडक्टर इकाई में उत्पादन शुरू हो चुका है।पीएम मोदी ने कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि आने वाले समय में चिप से लेकर पोतों तक का निर्माण भारत में युवाओं के हाथों से होगा।
IIT दिल्ली में AI से जुड़ी नई पहल
प्रधानमंत्री ने IIT दिल्ली में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) से जुड़ी नई पहलों का भी उल्लेख किया। उन्होंने संस्थान को इन पहलों के लिए शुभकामनाएं दीं और छात्रों से तकनीक के नए क्षेत्रों में नेतृत्व करने की अपील की।
3,000 से ज्यादा छात्रों को मिली डिग्री
IIT दिल्ली के 57वें दीक्षांत समारोह में 587 पीएचडी शोधार्थियों समेत 3,000 से अधिक छात्रों को डिग्रियां प्रदान की गईं। दीक्षांत समारोह में प्रधानमंत्री का संबोधन छात्रों के लिए प्रेरणादायक रहा, जिसमें उन्होंने सीखने, जिज्ञासा और नवाचार को भविष्य की सफलता का आधार बताया।
देश के लिए टेक्नोलॉजी और इनोवेशन पर फोकस
IIT दिल्ली देश के प्रमुख तकनीकी संस्थानों में शामिल है। ऐसे में दीक्षांत समारोह में प्रधानमंत्री का संबोधन विद्यार्थियों के लिए तकनीक, नवाचार, रिसर्च और राष्ट्र निर्माण से जुड़े संदेश पर केंद्रित रहने की उम्मीद है। समारोह में डिग्री प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के साथ उनके परिवार, संस्थान के शिक्षक, अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद है।
