युवाओं के बीच प्रयागराज पहुंचेंगे राहुल गांधी, ‘छात्रों की गूंज’ में उठाएंगे छात्रों के मुद्दे
राहुल गांधी शनिवार को प्रयागराज में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। उन्होंने पेपर लीक, भर्ती और युवाओं की समस्याओं को लेकर छात्रों से कार्यक्रम में पहुंचने की अपील की है।
प्रयागराज। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शनिवार को प्रयागराज में आयोजित होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। उन्होंने युवाओं से कार्यक्रम में पहुंचकर अपनी आवाज उठाने की अपील की है। राहुल गांधी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि वह प्रयागराज आ रहे हैं, जहां देशभर के बड़ी संख्या में युवा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों की मेहनत में कोई कमी नहीं है, बल्कि व्यवस्था की कमियां युवाओं के भविष्य को प्रभावित कर रही हैं।
पेपर लीक और भर्ती प्रक्रिया पर उठाए सवाल
राहुल गांधी ने कहा कि पेपर लीक, वर्षों तक भर्तियां नहीं होना, लंबा इंतजार और दोषियों पर कार्रवाई न होने जैसी समस्याओं से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्र लगातार संघर्ष कर रहे हैं और उनकी आवाज को मजबूती से उठाने की जरूरत है।
‘एकजुट होकर आवाज उठाने से झुकती है सरकार’
राहुल गांधी ने अपने संदेश में कहा कि जब लोग एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद करते हैं, तभी सरकारें कदम उठाने के लिए मजबूर होती हैं। उन्होंने कोटा और देहरादून में छात्रों के आंदोलनों का जिक्र करते हुए कहा कि युवाओं ने अलग-अलग जगहों पर अपनी समस्याओं को लेकर आवाज उठाई है। कांग्रेस नेता के अनुसार, ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम शनिवार शाम 5 बजे प्रयागराज के केपी ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में छात्र और युवा बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
ये भी पढ़े :
लखनऊ के पास बसने जा रहा नया ग्रोथ हब, वशिष्ठ नगर योजना में उद्योग और रोजगार को मिलेगी उड़ान
