गौतम हत्याकांड में नया मोड़ : पूछताछ के लिए युवती पुलिस हिरासत में, साजिशकर्ता अश्वनी का परिवार फरार

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

गौतम मौर्य हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा कसा, एक युवती हिरासत में, डिजिटल साक्ष्य खंगाल रही टीम

कांट में गौतम मौर्य हत्याकांड की जांच में नया मोड़ आया है। पुलिस ने एक युवती को हिरासत में लेकर डिजिटल साक्ष्य खंगालने शुरू कर दिए हैं। प्रशासन ने पीड़ित परिवार को प्लॉट और आवास स्वीकृत किया है, जबकि मुख्य आरोपी के बंद मकान में मवेशी तड़प कर मर रहे हैं।

कांट, अमृत विचार। कांट क्षेत्र के बहुचर्चित गौतम मौर्य हत्याकांड की जांच अब नए और पेचीदा मोड़ पर पहुंच गई है। घटनाक्रम की परतें जैसे-जैसे खुल रही हैं, जांच का दायरा विस्तृत होता जा रहा है। मुख्य साजिशकर्ता अश्वनी सिंह की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने अब एक युवती को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। सूत्रों की मानें तो जल्द ही कुछ और लोगों पर भी शिकंजा कस सकता है।

युवती से पूछताछ, खंगाले जा रहे डिजिटल साक्ष्य
पुलिस अब उन सभी लोगों की भूमिका खंगाल रही है, जो घटना से पहले या बाद में किसी भी रूप में आरोपियों के संपर्क में थे। जांच के दौरान हिरासत में ली गई युवती के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की गहनता से जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, गौतम की जहां साइकिल की दुकान थी, वहां के आसपास अक्सर यह युवती उससे मिलने आती थी। पुलिस को उम्मीद है कि इस पूछताछ से पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में अहम सुराग मिल सकते हैं।

गौतम के परिजनों को राहत: 200 गज का प्लॉट और आवास स्वीकृत
विधायक अरविंद कुमार सिंह के निर्देश के बाद प्रशासन ने गौतम मौर्य के पीड़ित परिजनों को राहत पहुंचाई है। परिवार के लिए 'अंत्योदय कार्ड' और 'आयुष्मान कार्ड' बना दिया गया है। आवास के लिए राजस्व टीम द्वारा 200 गज भूमि की नाप की गई है। नगर पंचायत द्वारा परिवार के लिए आवास भी स्वीकृत कर दिया गया है।

मुख्य आरोपी समीर के मकान में तड़प कर मर रहे मवेशी
हत्याकांड के मुख्य आरोपी समीर के कांट स्थित मकान पर ताला लटक रहा है। इसके कारण अंदर बंद मवेशी, बकरी और कबूतरों के मरने की सूचना सामने आई है। मृत जानवरों से उठ रही तेज दुर्गंध के कारण मोहल्ले के लोगों का रहना मुश्किल हो गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल कोई व्यवस्था करने की मांग की है।

साजिशकर्ता अश्वनी के घर पसरा सन्नाटा, परिवार फरार
गौतम हत्याकांड के मुख्य साजिशकर्ता अश्वनी सिंह के जेल जाने के बाद उसके परिवार के अधिकांश सदस्य घर छोड़कर फरार हो गए हैं। घर में केवल छोटे-छोटे बच्चे ही बचे हैं। गांव में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात है और पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि विवेचना साक्ष्यों के आधार पर आगे बढ़ रही है। किसी भी व्यक्ति की भूमिका सामने आने पर उसके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें - Bareilly News : चार्ज संभालते ही एक्शन मोड में नए कमिश्नर शंभू कुमार, अफसरों से दो टूक- 'काम में ढिलाई बिल्कुल नहीं चलेगी'

संबंधित समाचार