बरेली में परचम कुशाई के साथ आला हजरत के उर्स का आगाज 

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

परचम कुशाई के साथ आला हजरत के 108वें उर्स-ए-रजवी का शानदार आगाज

बरेली में आला हजरत का तीन दिवसीय उर्स-ए-रजवी परचम कुशाई के साथ शुरू हो गया है। आजम नगर से दरगाह होते हुए इस्लामिया मैदान तक परचम जुलूस निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में जायरीन शामिल हुए।

बरेली, अमृत विचार। बरेली में परचम कुशाई के साथ आला हजरत के तीन रोजा उर्से रजवी का आगाज हो गया। आजम नगर स्थित हाजी अल्लाह बख्श के यहां से परचम का जुलूस दरगाह पहुंचा। दरगाह से जुलूस इस्लामिया मैदान आया। इस्लामिया के मेन गेट पर परचम लहराया गया। इसी के साथ आला हजरत का 108वां उर्स शुरू हो गया। 

दरगाह प्रमुख मौलाना सुब्हान रजा खान (सुब्हानी मियां) की सरपरस्ती और सज्जादानशीन मुफ्ती अहसन रजा कादरी (अहसन मियां) सदारत में उर्से रजवी मनाया जा रहा है। सज्जादानशीन ने ठिरिया निजावत खान और रहपुरा चौधरी से हरीझंडी दिखाकर परचम के जुलूस रवाना किए। शाम को आजमनगर से जुलूस निकला। इसके अलावा दिनभर दरगाह पर चादरों के जुलूस पहुंचते रहे। 

दरगाह आला हजरत के मीडिया प्रभारी नासिर कुरैशी ने बताया कि उर्से रजवी शानो शौकत के साथ मनाया जा रहा है। रजाकरों की टीम जायरीन की सेवा में लगी है। पुलिस-प्रशासन का भी भरपूर सहयोग है। सभी व्यवस्थाएं पुख्ता हैं। 

उधर, मथुरापुर स्थित मदरसा जामियातुर्रजा में दरगाह ताजुश्शरिया के सज्जादानशीन मुफ्ती असजद रजा कादरी (असजद मियां) की सरपरस्ती में उर्स मनाया जा रहा है। जमात रजा-ए-मुस्तफा के उपाध्यक्ष सलमान हसन खान-सलमान मियां और महासचिव फरमान हसन खान की निगरानी में उर्स मनाया जा रहा है। जमात के प्रवक्ता समरान खान ने बताया कि उर्स में जायरीन पहुंच रहे हैं। शुक्रवार की रात को उलमा-ए-कराम की तकरीर होंगी।

ये भी पढ़ें - उर्से रजवी : दरगाह आला हजरत से खानकाही एकता पर जोर, जामियातुर्रजा में उलमा के मंच पर नहीं होगी कोई सियासी बात 

संबंधित समाचार