UP Van Mahotsav 2026: आज से शुरू होगा वन महोत्सव, 'आम बहार-आपके द्वार' अभियान में फ्री मिलेंगे पौधे
लखनऊ, अमृत विचार: उत्तर प्रदेश में एक जुलाई से सात जुलाई तक वन महोत्सव मनाया जाएगा। इस दौरान वन विभाग प्रदेशभर में ''आम बहार-आपके द्वार'' अभियान चलाकर आम की देशी व अन्य प्रजातियों के पौधों का वितरण करेगा। अभियान का उद्देश्य पौधरोपण को जनआंदोलन बनाना और पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना है।
मुख्य वन संरक्षक (प्रचार-प्रसार) अदिति शर्मा ने बताया कि वन महोत्सव के दौरान पौधरोपण, पर्यावरण संरक्षण, वर्षा जल संचयन, जल संरक्षण, प्लास्टिक मुक्त परिवेश और जनजागरूकता पर विशेष अभियान चलाया जाएगा। प्रत्येक विकासखंड में आम भंडारा आयोजित कर लोगों को आम के पौधे वितरित किए जाएंगे तथा उनके रोपण और संरक्षण के लिए प्रेरित किया जाएगा। वन विभाग के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पौधरोपण महाभियान-2026 में फलदार वृक्षों, विशेषकर आम की देशी प्रजातियों के रोपण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं। इसी के तहत ''आम बहार-आपके द्वार'' अभियान शुरू किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोग फलदार पौधे लगाएं।
प्रदेश सरकार इस वर्ष वर्षाकाल में 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य लेकर चल रही है। इसके लिए सभी विभागों और मंडलों को लक्ष्य आवंटित किए जा चुके हैं। पौधरोपण महाभियान की तिथि शीघ्र घोषित की जाएगी।
यह भी पढ़ेंः UP IAS Transfer: उत्तर प्रदेश में 29 IAS अधिकारियों की नई तैनाती, कई जिलों और अहम विभागों में बदली जिम्मेदारियां
