India Doping Cases 2026: देश में 15 जुलाई तक 78 डोपिंग मामले, यूपी और पंजाब सबसे आगे
लोकसभा में केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने बताया कि 2026 में 15 जुलाई तक देशभर में 78 डोपिंग मामले सामने आए हैं। उत्तर प्रदेश और पंजाब 13-13 मामलों के साथ शीर्ष पर हैं।
नई दिल्ली: भारत में खिलाड़ियों के बीच डोपिंग के मामलों को लेकर केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने लोकसभा में अहम जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि 15 जुलाई 2026 तक देश में कुल 78 डोपिंग मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें उत्तर प्रदेश और पंजाब सबसे ऊपर हैं, जहां 13-13 खिलाड़ी प्रतिबंधित पदार्थों के सेवन के मामले में पॉजिटिव पाए गए।
लोकसभा में सरकार ने दिए आंकड़े
भाजपा सांसद संबित पात्रा के सवाल के लिखित जवाब में खेल मंत्री ने बताया कि राष्ट्रीय डोपिंगरोधी नियम, 2021 के तहत डोपिंग में दोषी पाए गए खिलाड़ियों पर खेल गतिविधियों में भाग लेने पर प्रतिबंध लगाया गया है।
इन राज्यों में सबसे ज्यादा डोपिंग केस
सरकार की ओर से साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, उत्तर प्रदेश और पंजाब में सबसे अधिक 13-13 मामले दर्ज हुए हैं। इसके बाद मध्य प्रदेश में 11 और कर्नाटक में 9 डोपिंग मामले सामने आए हैं।
पिछले वर्षों की तुलना में क्या रहे आंकड़े?
खेल मंत्री के अनुसार, वर्ष 2023 में देशभर में 213 डोपिंग मामले दर्ज किए गए थे। यह संख्या 2024 में बढ़कर 260 हो गई, जबकि 2025 में घटकर 131 रह गई। वहीं, 2026 में 15 जुलाई तक 78 मामले दर्ज किए गए हैं।
इन राज्यों में नहीं मिला कोई डोपिंग मामला
सरकार के मुताबिक अरुणाचल प्रदेश, असम, बिहार, गोवा, हिमाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मेघालय और सिक्किम के किसी भी खिलाड़ी को डोपिंग का दोषी नहीं पाया गया।
डोपिंग रोकने के लिए सरकार के कदम
मनसुख मांडविया ने बताया कि खिलाड़ियों को डोपिंग से दूर रखने के लिए सरकार लगातार जागरूकता अभियान, सेमिनार और कार्यशालाओं का आयोजन कर रही है। इसका उद्देश्य खिलाड़ियों को प्रतिबंधित पदार्थों के दुष्प्रभाव और नियमों की जानकारी देना है।
यह भी पढ़ेंः Rohit Sharma on Criticism: 'अगर शोर-शराबा नहीं, तो मजा नहीं', आलोचनाओं पर रोहित का दमदार जवाब
