Delhi BJP New Team: हर्ष मल्होत्रा ने घोषित की दिल्ली भाजपा की नई टीम, 10 उपाध्यक्ष समेत कई पदाधिकारियों को मिली जिम्मेदारी
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने राष्ट्रीय नेतृत्व की मंजूरी के बाद नई संगठनात्मक टीम का ऐलान किया। नई सूची में उपाध्यक्ष, महासचिव, सचिव और विभिन्न मोर्चों के अध्यक्षों की नियुक्ति की गई है।
नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने सोमवार को पार्टी की नई संगठनात्मक टीम और विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारियों की घोषणा कर दी। उन्होंने बताया कि ये नियुक्तियां पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व से विचार-विमर्श और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की मंजूरी के बाद की गई हैं।
हर्ष मल्होत्रा को इसी वर्ष मई में दिल्ली भाजपा का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था और अब उन्होंने अपनी नई टीम का गठन किया है।
https://twitter.com/BJP4Delhi/status/2079065392082006407?s=20
नई टीम में 10 उपाध्यक्ष, 3 महासचिव और 9 सचिव
नई संगठनात्मक टीम में 10 उपाध्यक्ष, 3 महासचिव और 9 सचिव शामिल किए गए हैं। उपाध्यक्षों में राजेश भाटिया, सुनील यादव, ऋचा पांडे मिश्रा, कौशल मिश्रा, विक्रम बिधूड़ी और सारिका जैन समेत अन्य नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
महासचिव पद पर विष्णु मित्तल, योगिता सिंह और मोहन लाल गिहारा को नियुक्त किया गया है।
मीडिया और सोशल मीडिया टीम में भी जिम्मेदारियां तय
पार्टी ने प्रवीण शंकर कपूर को मीडिया विभाग का प्रमुख बनाए रखा है। वहीं अनिल गुप्ता को मुख्य प्रवक्ता और रोहित उपाध्याय को सोशल मीडिया टीम का प्रमुख नियुक्त किया गया है।
मोर्चों के अध्यक्षों की भी घोषणा
भाजपा ने विभिन्न मोर्चों के लिए भी नए अध्यक्षों की घोषणा की है। रजत चौधरी को युवा मोर्चा, अर्चना गुप्ता को महिला मोर्चा, संतोष पाल को ओबीसी मोर्चा, लाजपत राय को एससी मोर्चा, सी.एल. मीणा को एसटी मोर्चा, संतोष ओझा को पूर्वांचल मोर्चा, देवेंद्र सोलंकी को किसान मोर्चा और अनीस अब्बास को अल्पसंख्यक मोर्चा का अध्यक्ष बनाया गया है।
