Sambhal News : 'जेई-एसडीओ नहीं सुनते हैं तो हमें बताइए, उनका इलाज हम करेंगे', बिजली विभाग की बैठक में अफसरों पर बरसीं मंत्री गुलाब देवी

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

बिजली व्यवस्था और विकास कार्यों की समीक्षा के लिए शनिवार को आयोजित जिला विद्युत समिति की बैठक

संभल जिले में बिजली व्यवस्था की बैठक में जनप्रतिनिधियों का गुस्सा फूट पड़ा। राज्य मंत्री गुलाब देवी और सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने अधिकारियों की सुस्त कार्यशैली पर कड़ी नाराजगी जताई। मंत्री ने जेई-एसडीओ को सख्त चेतावनी दी है।

संभल, अमृत विचार। जनपद में बिजली व्यवस्था और विकास कार्यों की समीक्षा के लिए शनिवार को आयोजित जिला विद्युत समिति की बैठक में जनप्रतिधियों का गुस्सा बिजली अधिकारियों पर फूट पड़ा। उत्तर प्रदेश सरकार की माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी समेत विभिन्न जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों की कार्यशैली पर कड़ी नाराजगी जताई। जनप्रतिनिधियों का साफ कहना था कि क्षेत्र में होने वाले कार्यों की जानकारी उन्हें नहीं दी जाती और जनता से जुड़े प्रस्तावों पर विभाग सुस्त रवैया अपना रहा है।

लोक निर्माण विभाग गेस्ट हाउस में सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क की अध्यक्षता में यह बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट और अधीक्षण अभियंता हिमांशु वार्ष्णेय समेत कई बिजली अधिकारी मौजूद रहे।

'उनका इलाज हम करेंगे': मंत्री गुलाब देवी की सख्त चेतावनी
बैठक के दौरान नए बिजली कनेक्शन, क्षमता वृद्धि, जर्जर लाइनों और किसानों को आपूर्ति जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। छोटे-छोटे कार्यों में हो रही अनावश्यक देरी पर भड़कते हुए माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री गुलाब देवी ने सख्त लहजे में कहा, "यदि किसी क्षेत्र में जेई या एसडीओ जनप्रतिनिधियों की बात नहीं सुन रहे हैं तो इसकी जानकारी सीधे मुझे दी जाए। जेई-एसडीओ नहीं सुनते हैं तो हमें बताइए, उनका इलाज हम करेंगे।"

मंत्री ने चंदौसी शहर की गणेश कॉलोनी में लकड़ी के बांसों पर लटक रहे बिजली के तारों का मुद्दा उठाते हुए इसे गंभीर सुरक्षा खतरा बताया और अधिकारियों को तत्काल समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश सरकार बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए करोड़ों रुपये खर्च कर रही है, विभाग को सरकार के विकास कार्यों का व्यापक प्रचार-प्रसार करना चाहिए।

सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने मांगा लिखित जवाब
बैठक की अध्यक्षता कर रहे सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने भी विभाग की कार्यप्रणाली पर असंतोष जताया। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ समय से बिजली विभाग के कार्यों की गति काफी धीमी हो गई है। सांसद ने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि जनप्रतिनिधियों को नियमित रूप से लिखित जानकारी दी जाए कि कौन से कार्य पूरे हो चुके हैं और कौन से प्रस्तावित हैं। उन्होंने नए कनेक्शन और लोड बढ़ाने की प्रक्रिया में हो रही देरी पर चिंता जताते हुए जनता के सुझावों को प्राथमिकता देने की बात कही।

विधायकों ने भी उठाए स्थानीय मुद्दे
बैठक में अन्य विधायकों और उनके प्रतिनिधियों ने भी स्थानीय बिजली समस्याओं को प्रमुखता से रखा:
संभल विधानसभा: विधायक इकबाल महमूद के पुत्र सुहैल इकबाल ने शिकायत की कि बिजली विभाग की योजनाओं और कार्यों की जानकारी जनप्रतिनिधियों को समय पर उपलब्ध नहीं कराई जाती है।
असमोली विधानसभा: विधायक पिंकी यादव के प्रतिनिधि ने किसानों को उनके हिस्से की पर्याप्त बिजली आपूर्ति नहीं मिलने का अहम मुद्दा उठाया।
गुन्नौर विधानसभा: विधायक राम खिलाड़ी यादव ने अपने क्षेत्र में बड़े ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि, जर्जर तारों को बदलने और विद्युत आपूर्ति को बेहतर बनाने की मांग की।

जनप्रतिनिधियों के कड़े रुख के बाद अधिकारियों ने लंबित कार्यों के जल्द निस्तारण का आश्वासन दिया है।

ये भी पढ़ें - Sambhal Accident: संभल में भीषण सड़क हादसा, टेंपो-ट्रक भिड़ंत में 4 की मौत

संबंधित समाचार