50 किमी की भव्य शोभायात्रा के बाद उन्नाव के महादेव चौक पर विराजे भोलेनाथ, हर-हर महादेव से गूंजा शहर
परियर के बाबा बलखंडेश्वर मंदिर से शुरू हुई शिव शोभायात्रा में हजारों श्रद्धालु हुए शामिल; 300 वाहनों के साथ निकला काफिला उन्नाव पहुंचते-पहुंचते 500 वाहनों तक पहुंचा, वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शिव प्रतिमा की पुनर्स्थापना और प्राण प्रतिष्ठा हुई।
उन्नाव, अमृत विचार। शहर के ऐतिहासिक बड़ा चौराहा पर भगवान शिव की मूर्ति की पुनर्स्थापना के अवसर पर मंगलवार को 50 किलोमीटर लंबी भव्य शोभायात्रा निकाली गई। सदर विधायक पंकज गुप्ता की अगुवाई में निकली यात्रा में हजारों श्रद्धालु गाजे-बाजे व भक्ति गीतों की धुन पर जमकर झूमे।
.png)
शोभायात्रा की शुरुआत परियर स्थित बाबा बलखंडेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद यात्रा बहरौला, बसधना, हाजीपुर, फतेहपुर, देवारा कलां, बनी, पिंडोखा, सहजनी, शुक्लागंज व मगरवारा-मसवासी होते हुए देरशाम बड़ा चौराहा पहुंची। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया और प्रसाद बांटा। यात्रा में भगवान शिव-पार्वती, श्रीगणेश, हनुमान जी, मां दुर्गा व श्रीराम दरबार की मनमोहक झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। रथनुमा वाहन में सदर विधायक के साथ भाजपा जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी, नर सेवा नारायण सेवा के संस्थापक विमल द्विवेदी व व्यापार संगठन अध्यक्ष अमित मिश्रा आदि मौजूद रहे। बड़ा चौराहा पहुंचने पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान शिव की मूर्ति की पुनर्स्थापना व प्राण प्रतिष्ठा हुई। विधायक ने बताया कि यह स्थल हमेशा से शिव आराधना का प्रमुख केंद्र रहा है। पुरानी मूर्ति के क्षतिग्रस्त होने से यहां का सुंदरीकरण कराकर नई मूर्ति स्थापित की गई है और इसे महादेव चौक नाम दिया गया। मौजूद लोगों में यह दृश्य अपने मोबाइलों में कैद किया।
.png)
परियर में सभी ने लिया बाबा बलखंडेश्वर महादेव का आर्शीवाद
परियर स्थित स्थानीय बाबा बलखंडेश्वर महादेव मंदिर परिसर में मंगलवार को भव्य शिव शोभायात्रा की शुरुआत हुई। इससे पूर्व सदर विधायक पंकज गुप्ता, नर सेवा नारायण के संस्थापक विमल द्विवेदी व प्रखर गुप्ता ने मंदिर में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। फिर हर-हर महादेव के जयकारों के बीच 300 वाहनों के साथ यात्रा रवाना हुई। जो जिला मुख्यालय पहुंचते-पहुंचते 500 गाड़ियों के विशाल काफिले में बदल गई। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते बन रहा था। समारोह की अध्यक्षता बाबा बलखंडेश्वर महादेव सेवा समिति के अध्यक्ष रवि मिश्रा ने की। व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए सफीपुर कोतवाली प्रभारी संदीप मिश्रा, एसओ अचलगंज सुब्रत तिवारी व परियर चौकी प्रभारी अनिल राजपूत आदि मुस्तैद रहे।
शुक्लागंज में पुष्पवर्षा कर हुआ यात्रा का स्वागत
परियर स्थित बलखंडेश्वर मंदिर से उन्नाव बड़ा चौराहा तक शिव प्रतिमा की स्थापना को लेकर शिव शोभायात्रा निकाली गई। दोपहर बाद शुक्लागंज पहुंचने पर सहजनी, आजाद नगर, सर्वोदय नगर व राजमार्ग सहित विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने यात्रा पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। पूरे मार्ग में जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा। इसमें केडी त्रिवेदी, नगर पालिकाध्यक्ष कौमुदी पांडे, मंडल अध्यक्ष सुरेश शुक्ला, संदीप पांडे, धीरज सिंह, अंकुर शुक्ला, अवनीश शुक्ला, विकास मिश्रा, विनय तिवारी, जैनेंद्र शुक्ला, सतीश शुक्ला, अमरेंद्र गुप्ता, अंजू गुप्ता, प्रत्यय गुप्ता, अजय मणि पांडेय, संदीप मिश्रा, कमल वर्मा, राजेश बाजपेई, आदित्य त्रिपाठी, अभिषेक शुक्ला, संजय तिवारी, विजय तिवारी, राजकुमार पाल, दीपक राजपूत आदि मौजूद रहे।
यह भी पढ़ेंः Sawan 2026: श्मशान में क्यों वास करते हैं महादेव? श्रावण में शिव पूजा से जुड़ा ये रहस्य जानकर बदल जाएगा नजरिया
