बरेली मौसम : 'हॉट एंड ह्यूमिड' का येलो अलर्ट, जानें कब मिलेगी उमस से राहत
तेज धूप के साथ हवा में नमी अधिक रहने से सताएगी गर्मी, सप्ताह के अंत तक होगी बारिश, तभी मिलेगी गर्मी से राहत
बरेली में मौसम विभाग ने 'हॉट एंड ह्यूमिड' का येलो अलर्ट जारी किया है। तेज धूप और उमस से लोग परेशान रहेंगे, जबकि सप्ताहांत पर बारिश के आसार हैं।
बरेली, अमृत विचार। मौसम विभाग ने बुधवार को बरेली में ''हॉट एंड ह्यूमिड'' (गर्म और उमस भरे मौसम) का येलो अलर्ट जारी किया है। अलर्ट के अनुसार जिले में दिनभर तेज धूप के साथ हवा में नमी अधिक रहने से लोगों को सामान्य से अधिक गर्मी का एहसास होगा। अधिकतम तापमान करीब 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। उमस की वजह से पसीना अधिक आएगा और गर्मी से राहत मिलना मुश्किल है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 15 जुलाई से मौसम में बदलाव शुरू होगा। जिले के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। इसके बाद 17 से 19 जुलाई के बीच बादल छाए रहने और रुक-रुक कर बारिश होने के आसार हैं। बारिश होने के साथ अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आएगी और सप्ताह के आखिर तक तापमान भारी बारिश की वजह से अधिकतम तापमान 32 से 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
अब तक औसत बारिश कम
मौसम विभाग 1 जुलाई से लेकर अब तक महज 198.3 मिमी बारिश दर्ज की है। जबकि बीते सालों के मुकाबले इस अवधि तक औसत बारिश 217.7 मिमी होती रही है। जुलाई में बारिश में आई इस कमी की वजह से लोग परेशान हो रहे हैं।
