कानपुर में सनसनी: काकादेव में ज्वेलरी शॉप से ₹60 लाख के जेवर पार, 'भरोसेमंद' ग्राहक ने दिया वारदात को अंजाम!

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

बाथरूम गए थे बुजुर्ग दुकानदार, मौका पाकर 400 ग्राम सोना और नकदी से भरा बैग उड़ा ले गया शातिर चोर; तलाश में जुटीं पुलिस की 4 टीमें

कानपुर। शहर के काकादेव थाना क्षेत्र से एक बेहद चौंकाने वाली चोरी की वारदात सामने आई है। यहाँ शनिवार देर शाम एक आभूषण की दुकान से शातिर चोर ने करीब 60 लाख रुपये के गहने और नकदी पार कर दिए। इस बड़ी चोरी की खबर फैलते ही स्थानीय व्यापारियों में हड़कंप मच गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए रविवार को एडीसीपी सेंट्रल, एसीपी स्वरूप नगर और क्राइम ब्रांच की टीमों ने घटनास्थल का मुआयना किया और पीड़ित कारोबारी से विस्तृत पूछताछ की।

रोज आता था, भरोसा जीतकर की चोरी

विजयनगर के रहने वाले बुजुर्ग व्यापारी देवेंद्रनाथ वर्मा फल मंडी के पास 'ज्योति ज्वेलर्स व वर्मा वस्त्रालय' नाम से अपनी दुकान चलाते हैं। उनकी पत्नी पैरालिसिस (लकवा) से पीड़ित हैं, जिसके कारण दुकान की पूरी जिम्मेदारी देवेंद्रनाथ अकेले ही संभालते हैं। शनिवार शाम करीब 4 बजे उन्होंने दुकान खोली। कुछ ही देर बाद वहाँ एक युवक आया। पीड़ित के मुताबिक, यह युवक चार दिन पहले कपड़े खरीदने आया था और तब से लगातार दुकान के चक्कर काट रहा था।

नजर हटते ही बैग किया गायब

शनिवार शाम करीब 5 बजे जब वह युवक दुकान में मौजूद था, तभी देवेंद्रनाथ कुछ देर के लिए बाथरूम चले गए। जब वे लौटकर आए तो वह युवक वहाँ से जा चुका था। रात करीब 9 बजे जब बुजुर्ग व्यापारी दुकान बढ़ाकर घर जाने की तैयारी करने लगे, तो उनका मुख्य बैग गायब था। काफी तलाशने के बाद भी जब बैग नहीं मिला, तो उनके होश उड़ गए।

लाखों के जेवर और नकदी ले उड़ा शातिर

पीड़ित व्यापारी ने पुलिस को शिकायत में बताया कि गायब हुए बैग में लगभग 400 ग्राम सोने के गहने, एक किलोग्राम से अधिक चांदी के आभूषण और 50 हजार रुपये की नकदी रखी हुई थी, जिसकी कुल कीमत करीब 60 लाख रुपये है।

इस हाई-प्रोफाइल चोरी पर एडीसीपी सेंट्रल डॉ. अर्चना सिंह ने बताया कि शातिर चोर बड़ी चालाकी से बैग लेकर रफूचक्कर हुआ है। पुलिस दुकान और उसके आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी का सुराग लगाया जा सके। मामले के जल्द खुलासे और चोर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की 4 विशेष टीमों को काम पर लगाया गया है।

यह भी पढ़ेंः यूपी के पिछड़े जिलों में सिमट रहा ATM नेटवर्क, दो साल में 30% तक आई गिरावट

संबंधित समाचार