पुलिस के अनुसार, रविवार रात करीब 8:45 बजे आंवला कस्बे में गोली चलने की सूचना मिली थी। अकरम (22) अपने पिता अशरफ (55) के साथ फार्म हाउस से घर लौट रहे थे। रास्ते में तौफीक और उसके दो साथियों ने उन पर फायरिंग कर दी। गोली अकरम के सिर में लगी, जिससे उनकी मौत हो गई। मामले में अशरफ अली की तहरीर पर आंवला थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई। जांच के दौरान पुलिस ने अशफाक उर्फ चौड़ा और विकास यादव के नाम भी प्रकाश में आने की बात कही।
बंजरिया के जंगल में पुलिस से मुठभेड़
एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमें गठित की गई थीं। सोमवार सुबह आंवला पुलिस को सूचना मिली कि हत्या के आरोपी बंजरिया के जंगल में छिपे हैं। पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर आरोपियों को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा। पुलिस के मुताबिक, इस दौरान आरोपियों ने टीम पर फायरिंग कर दी। उनकी गोली हेड कांस्टेबल कामेश्वर सिंह और उपनिरीक्षक शुभम कुमार के बाजू को छूकर निकल गई। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें तौफीक कुरैशी (23) और अशफाक उर्फ चौड़ा (20) घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर अस्पताल भेज दिया।
25 लाख रुपये के लेनदेन को बताया हत्या की वजह
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में तौफीक ने बताया कि उसने अकरम से 25 लाख रुपये के भैंस के पड्डे खरीदे थे। इस रकम का भुगतान उसे करना था। पुलिस का दावा है कि रुपये न देने पड़ें, इसलिए उसने साथियों के साथ मिलकर अकरम की हत्या की साजिश रची। 15 नवंबर को वारदात के बाद तीनों फरार हो गए थे। सोमवार को वे वहां से निकलने की फिराक में थे, तभी पुलिस ने घेराबंदी कर दो आरोपियों को पकड़ लिया। तीसरे आरोपी विकास यादव की तलाश की जा रही है।