Bareilly News: पहले डीएम ने भरा परिवार का ब्योरा, अब आपकी बारी... बरेली में स्वगणना अभियान का आगाज

जनगणना-2027 के तहत बरेली में स्वगणना अभियान शुरू, डीएम अविनाश सिंह ने परिवार और स्टाफ के साथ ऑनलाइन दर्ज की जानकारी

बरेली में जनगणना-2027 के तहत सोमवार से स्वगणना अभियान शुरू हो गया। डीएम अविनाश सिंह ने परिवार और स्टाफ के साथ ऑनलाइन विवरण दर्ज कर अभियान का शुभारंभ किया और लोगों से सही जानकारी भरने की अपील की।

बरेली, अमृत विचार। जनगणना-2027 में अब लोगों को अपने परिवार का ब्योरा दर्ज कराने के लिए गणनाकर्मियों का इंतजार नहीं करना होगा। स्वगणना की सुविधा के तहत लोग खुद ऑनलाइन अपने और परिवार के सदस्यों की जानकारी दर्ज कर सकेंगे। सोमवार से बरेली में इस अभियान की शुरुआत हो गई। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने अपने कैंप कार्यालय में परिवार और समस्त स्टाफ के साथ स्वगणना कर अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने स्वयं और अपने परिवार का विवरण ऑनलाइन दर्ज कर प्रक्रिया पूरी की।
 

इस मौके पर डीएम ने कहा कि जनगणना केवल आंकड़े जुटाने की प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह देश के विकास और भविष्य की योजनाओं का आधार है। इसके आंकड़ों से जनकल्याणकारी योजनाओं के निर्माण, संसाधनों के बेहतर नियोजन और विकास की प्राथमिकताएं तय करने में मदद मिलती है। इसलिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण है। उन्होंने जनपदवासियों से स्वगणना की सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाने और निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपने तथा परिवार के सभी सदस्यों की सही एवं सटीक जानकारी दर्ज करने की अपील की।

लोगों को भी करें जागरूक

डीएम ने कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान की सफलता प्रत्येक नागरिक की भागीदारी पर निर्भर करती है। लोग खुद स्वगणना करने के साथ अपने आसपास के लोगों को भी इसके लिए जागरूक करें, ताकि अधिक से अधिक परिवार इस प्रक्रिया में शामिल हो सकें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए। इस दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) संतोष कुमार सिंह सहित कैंप कार्यालय के कर्मचारी मौजूद रहे।

 

ये भी पढ़ें-सवारियां बढ़ीं तो रोडवेज की सात बसों ने खींचे पहिये, कमाई पर लगा ब्रेक

About The Author: Priya Chaturvedi

प्रिया चतुर्वेदी पत्रकारिता के क्षेत्र में करीब पांच वर्षों का अनुभव रखती हैं। वर्तमान में वह अमृत विचार से जुड़ी हैं। इससे पहले वह अमर उजाला में अपनी सेवाएं दे चुकी हैं। उन्हें रिपोर्टिंग, समाचार लेखन, संपादन और डिजिटल पत्रकारिता का अनुभव है। उन्होंने पत्रकारिता एवं जनसंचार और गृह विज्ञान में स्नातकोत्तर की शिक्षा प्राप्त की है। वह यूजीसी नेट उत्तीर्ण हैं। हिंदी, अंग्रेजी, उर्दू और संस्कृत भाषाओं का ज्ञान रखने वाली प्रिया की रुचि समसामयिक विषयों पर तथ्यपरक रिपोर्टिंग और जनसरोकारों से जुड़ी खबरों में है।