Bareilly News: बरेली की कमान फिर पुराने कप्तान के हाथ, मुनिराज बने नए डीआईजी

एसएसपी रहते सराफा लूटकांड के दो बदमाशों का हुआ था एनकाउंटर, कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम को मिला राष्ट्रपति पुरस्कार

बरेली रेंज के नए डीआईजी मुनिराज जी बनाए गए हैं। वह पहले बरेली के एसएसपी रह चुके हैं। उनके कार्यकाल में सराफा लूटकांड के दो बदमाशों का एनकाउंटर हुआ था, जिसमें शामिल पुलिस टीम को राष्ट्रपति पुरस्कार मिला था।

बरेली, अमृत विचार। बरेली रेंज की कमान एक बार फिर पुराने पुलिस कप्तान के हाथों में आ गई है। मुनिराज जी को रेंज का नया डीआईजी बनाया गया है। वह इससे पहले बरेली में एसएसपी के पद पर तैनात रह चुके हैं। अपने पिछले कार्यकाल में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई को लेकर उनकी अलग पहचान बनी थी। उनके कार्यकाल में हुए सराफा लूटकांड के खुलासे और दो बदमाशों के एनकाउंटर ने खूब सुर्खियां बटोरी थीं। इस कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम को राष्ट्रपति पुरस्कार भी मिल चुका है।
 

बरेली में एसएसपी रहते मुनिराज जी ने कानून व्यवस्था को लेकर कड़ा रुख अपनाया था। अपराध नियंत्रण और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई उनकी प्राथमिकता में शामिल रही। राजनीतिक दबाव के बीच भी कानून व्यवस्था से जुड़े मामलों में उनके सख्त तेवर चर्चा में रहे। उनके नेतृत्व में पुलिस की कई कार्रवाई सुर्खियों में रहीं। अब डीआईजी के रूप में उनकी बरेली रेंज में वापसी को पुराने अनुभव के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

वहीं, बरेली रेंज के डीआईजी रहे अजय कुमार साहनी का कार्यकाल भी कई महत्वपूर्ण पुलिस कार्रवाइयों के लिए याद किया जाएगा। उन्होंने तौकीर रजा प्रकरण में अहम भूमिका निभाई। इसके अलावा रेंज के अन्य जिलों में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को लेकर भी कई बड़ी कार्रवाई की गईं।

अब मुनिराज जी के सामने बरेली के अलावा बदायूं, पीलीभीत और शाहजहांपुर में कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाए रखने की जिम्मेदारी होगी। चार जिलों की पुलिस व्यवस्था में समन्वय, अपराध नियंत्रण और संवेदनशील मामलों से निपटना उनके लिए प्रमुख चुनौतियां रहेंगी।

ये भी पढ़ें- यूरोप भेजने का सपना दिखाकर महिला से 5.84 लाख ऐंठे, 21 बार खातों में मंगाई रकम

About The Author: Priya Chaturvedi

प्रिया चतुर्वेदी पत्रकारिता के क्षेत्र में करीब पांच वर्षों का अनुभव रखती हैं। वर्तमान में वह अमृत विचार से जुड़ी हैं। इससे पहले वह अमर उजाला में अपनी सेवाएं दे चुकी हैं। उन्हें रिपोर्टिंग, समाचार लेखन, संपादन और डिजिटल पत्रकारिता का अनुभव है। उन्होंने पत्रकारिता एवं जनसंचार और गृह विज्ञान में स्नातकोत्तर की शिक्षा प्राप्त की है। वह यूजीसी नेट उत्तीर्ण हैं। हिंदी, अंग्रेजी, उर्दू और संस्कृत भाषाओं का ज्ञान रखने वाली प्रिया की रुचि समसामयिक विषयों पर तथ्यपरक रिपोर्टिंग और जनसरोकारों से जुड़ी खबरों में है।