Bareilly News: यूरोप भेजने का सपना दिखाकर महिला से 5.84 लाख ऐंठे, 21 बार खातों में मंगाई रकम

Amrit Vichar Network
Edited By Priya Chaturvedi
On

जस्टडायल के जरिये हुई थी आरोपी से पहचान, नौकरी और वर्क परमिट दिलाने का दिया भरोसा; दिल्ली पहुंची महिला को बंद मिला कार्यालय

बरेली की महिला से बच्चों को यूरोप में नौकरी और वर्क वीजा दिलाने के नाम पर 5.84 लाख रुपये की ठगी की गई। आरोप है कि दिल्ली के व्यक्ति ने एडवांस और वर्क परमिट के नाम पर 20 से 21 बार अलग-अलग खातों में रकम ट्रांसफर कराई।

बरेली, अमृत विचार। बच्चों को यूरोप में नौकरी दिलाने और वर्क वीजा बनवाने का भरोसा देकर एक महिला से 5.84 लाख रुपये ठग लिए गए। आरोपी ने एडवांस और वर्क परमिट के नाम पर एक-दो बार नहीं, बल्कि 20 से 21 बार अलग-अलग बैंक खातों में रकम ट्रांसफर कराई। तीन महीने में पूरी प्रक्रिया कराने का आश्वासन देकर छह महीने तक महिला को इंतजार कराया गया। रुपये वापस मांगने पर भी भुगतान नहीं किया। दिल्ली जाकर जानकारी की तो आरोपी का कार्यालय बंद मिला। पीड़िता की शिकायत पर इज्जतनगर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
 

इज्जतनगर के सनसिटी विस्तार निवासी शालिनी सिंह ने पुलिस को बताया कि जस्टडायल के माध्यम से उनकी मुलाकात करमजीत सिंह नाम के व्यक्ति से हुई थी। आरोपी ने उन्हें बताया कि उसका कार्यालय दिल्ली के द्वारका स्थित सेक्टर सात, रामफल चौक पर है। बातचीत के दौरान उसने बच्चों को यूरोप में नौकरी दिलाने के साथ वर्क वीजा और वर्क परमिट बनवाने का भरोसा दिया।

दस्तावेज लेकर शुरू कराया भुगतान

शालिनी के मुताबिक, आरोपी के भरोसे पर वह दिल्ली स्थित उसके कार्यालय पहुंचीं। वहां उसने कंपनी से संबंधित जानकारी देकर भरोसा दिलाया और आधार कार्ड समेत अन्य जरूरी दस्तावेज व जीएसटी प्रमाणपत्र ले लिए। आरोपी ने तीन महीने के भीतर पूरी प्रक्रिया कराने की बात कही। इसके बाद बच्चों के एडवांस और वर्क परमिट के नाम पर अलग-अलग तारीखों में 20 से 21 बार विभिन्न बैंक खातों में रुपये ट्रांसफर कराए। इस तरह कुल 5.84 लाख रुपये ले लिए।

छह महीने बाद भी नहीं मिला वीजा और नौकरी का भरोसा

पीड़िता ने बताया कि तीन महीने का समय बीतने के बाद भी बच्चों की नौकरी और वर्क परमिट को लेकर कोई प्रगति नहीं हुई। छह महीने इंतजार करने के बाद उन्होंने आरोपी से रुपये वापस मांगे। इस पर उसने 28 तारीख तक पूरी रकम लौटाने का आश्वासन दिया, लेकिन तय समय पर भुगतान नहीं किया। बार-बार फोन और मैसेज करने के बावजूद आरोपी टालमटोल करता रहा।

दिल्ली पहुंचीं तो कार्यालय मिला बंद

आरोपी से संपर्क नहीं होने पर शालिनी दिल्ली स्थित उसके कार्यालय पहुंचीं। वहां पता चला कि कार्यालय करीब दो महीने पहले ही खाली किया जा चुका है। आरोपी भी मकान बदल चुका था। इसके बाद पीड़िता को ठगी का अहसास हुआ और उन्होंने इज्जतनगर पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

ये भी पढ़ें-जनगणना की मुहिम को डिजिटल बनाएगा प्रशासन, इन्फ्लुएंसर्स को सौंपी जागरूकता की जिम्मेदारी

संबंधित समाचार