गोंडा, अमृत विचार। ट्रेन में सफर के दौरान लावारिस सामान मिलने पर अक्सर यात्रियों के बीच हलचल मच जाती है। ऐसा ही मामला छह नवंबर को गोंडा रेलवे स्टेशन पर सामने आया, जहां ट्रेन के एस-2 कोच में शौचालय के पास रखे तीन लावारिस बैगों ने सुरक्षा कर्मियों का ध्यान खींचा। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और अपराध आसूचना शाखा (सीआईबी) की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को ऑपरेशन सतर्क के तहत ट्रेन में चेकिंग के दौरान 78 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की। शराब की अनुमानित कीमत 53,500 रुपये बताई गई है। शराब दो ट्रॉली बैग और एक पिट्ठू बैग में भरकर रखी गई थी। हालांकि, मौके पर कोई व्यक्ति इन बैगों पर अपना दावा करने नहीं पहुंचा।
यात्रियों ने बैगों पर नहीं जताया दावा
आरपीएफ की ओर से जारी जानकारी के अनुसार छह नवंबर को वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त लखनऊ के निर्देशन और प्रभारी निरीक्षक अनिरुद्ध राय के मार्गदर्शन में सहायक उपनिरीक्षक रामदत्त प्रसाद टीम के साथ ट्रेन संख्या 15274 में चेकिंग कर रहे थे। ट्रेन के गोंडा रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो पर पहुंचने पर कोच संख्या एस-2 में शौचालय के पास दो ट्रॉली बैग और एक पिट्ठू बैग लावारिस हालत में मिले।
रॉयल स्टैग से लेकर सिग्नेचर तक की बोतलें बरामद
तलाशी लेने पर उनमें अलग-अलग कंपनियों की कुल 78 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुई। आसपास मौजूद यात्रियों से बैगों के बारे में पूछताछ की गई, लेकिन किसी ने भी उन्हें अपना नहीं बताया। इसके बाद सुबह करीब 6:40 बजे आरपीएफ ने शराब समेत तीनों बैगों को कब्जे में ले लिया। बरामद शराब को अग्रिम कार्रवाई के लिए राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) गोंडा के सुपुर्द कर दिया गया।
बरामद शराब में रॉयल स्टैग की 10 बोतल, मैजिक मोमेंट की 12 बोतल, सिग्नेचर की 750 एमएल वाली 12 और 380 एमएल वाली 44 बोतल शामिल हैं। कार्रवाई करने वाली टीम में निरीक्षक अनिरुद्ध राय, सहायक उपनिरीक्षक रामदत्त प्रसाद, हेड कांस्टेबल संजय सिंह, स्कॉर्ट पार्टी के राम मिलन, पप्पू कुमार साह और उमेश यादव, सीआईबी के अमित सिंह तथा जीआरपी के हेड कांस्टेबल मनोज कुमार शामिल रहे।
ये भी पढ़ें :
Barabanki News: कभी कच्ची शराब के लिए बदनाम था चैनपुरवा, अब महिलाओं के हुनर से रोशन होगा दीपावली का त्योहार