Barabanki News: कभी कच्ची शराब के लिए बदनाम था चैनपुरवा, अब महिलाओं के हुनर से रोशन होगा दीपावली का त्योहार

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

बाराबंकी के सूरतगंज ब्लॉक स्थित चैनपुरवा गांव की तस्वीर अब बदल चुकी है। यहां की महिलाएं कभी शराब की भट्ठियों के आसपास रहने को मजबूर थीं

बाराबंकी का चैनपुरवा गांव कभी कच्ची शराब के कारोबार के लिए बदनाम था, लेकिन आज यहां की 80 महिलाएं मोम के रंग-बिरंगे कैंडल दीये बनाकर आत्मनिर्भरता की नई मिसाल पेश कर रही हैं। ऑपरेशन कायाकल्प से बदली गांव की तस्वीर, इस दीपावली पांच लाख दीये बनाने का लक्ष्य। जानिए कैसे महिलाओं के हुनर ने बदली गांव की पहचान और परिवारों की आर्थिक स्थिति।

बाराबंकी। कभी जिस गांव की पहचान कच्ची शराब के अवैध कारोबार और पुलिस की दबिश से होती थी, आज उसी गांव की पहचान महिलाओं के हुनर और मेहनत से बन रही है। बाराबंकी के सूरतगंज ब्लॉक स्थित चैनपुरवा गांव की तस्वीर अब बदल चुकी है। यहां की महिलाएं कभी शराब की भट्ठियों के आसपास रहने को मजबूर थीं, लेकिन आज वे अपने हाथों से रंग-बिरंगे मोम के कैंडल दीये तैयार कर रही हैं। इन दीयों की रोशनी न सिर्फ दीपावली को खास बनाएगी, बल्कि महिलाओं के घरों में खुशहाली भी लाएगी।

शराब की भट्ठियों से कैंडल दीये बनाने तक का सफर

चैनपुरवा गांव में कभी कच्ची शराब का कारोबार बड़े पैमाने पर होता था। गांव के लगभग हर घर में शराब बनाने का काम होता था। पुलिस की दबिश और परिवार के पुरुषों के जेल जाने का डर यहां के लोगों की जिंदगी का हिस्सा बन गया था। लेकिन वर्ष 2020 में तत्कालीन पुलिस अधीक्षक डॉ. अरविंद चतुर्वेदी की पहल पर गांव की तस्वीर बदलने की कोशिश शुरू हुई। इस दौरान शहद विक्रेता निमित्त सिंह की संस्था 'मक्खीवाला' के सहयोग से ऑपरेशन कायाकल्प चलाया गया। इसके तहत अवैध शराब के कारोबार को खत्म करने के साथ ही गांव की महिलाओं को राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जोड़कर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए।

अब 80 महिलाएं बना रहीं रंग-बिरंगे कैंडल दीये

समय के साथ गांव की महिलाओं ने अपने हुनर को नई पहचान दी। आज रामकली, बसंती और गीता समेत करीब 80 महिलाएं मोम के आकर्षक कैंडल दीये बनाने में जुटी हैं। कभी जिन हाथों का साथ शराब की भट्ठियों से था, अब वही हाथ दीपावली पर घरों को रोशन करने वाले दीये तैयार कर रहे हैं। इस काम से महिलाओं को घर बैठे रोजगार मिल रहा है और वे परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने में भी योगदान दे रही हैं।

इस बार पांच लाख दीये बनाने का लक्ष्य

इस दीपावली पर चैनपुरवा की महिलाओं के लिए पांच लाख कैंडल दीये तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। प्रत्येक दीये के निर्माण पर महिलाओं को सात रुपये की दर से भुगतान किया जाता है। मोम, धागा और दीये समेत जरूरी सामग्री की व्यवस्था संस्था की ओर से की जाती है, जिससे महिलाओं को केवल अपने हुनर और मेहनत से कमाई करने का अवसर मिलता है।

मिशन प्रबंधक धर्मेद्र कुमार बताते हैं कि कभी ये महिलाएं अपने पतियों के साथ शराब की भट्ठियों पर रहती थीं, लेकिन आज वही महिलाएं हुनरमंद कारीगर बन चुकी हैं। उनके हाथों से तैयार हो रहे कैंडल दीये उनकी जिंदगी में बदलाव की नई कहानी लिख रहे हैं। चैनपुरवा की यह बदली तस्वीर बताती है कि सही दिशा, अवसर और मेहनत मिले तो बदनाम गांव भी अपनी नई पहचान बना सकता है। इस बार दीपावली पर यहां के दीयों की रोशनी के साथ महिलाओं के आत्मनिर्भर बनने की कहानी भी जगमगाएगी।

ये भी पढ़ें : 
Deepotsav 2026: 30 लाख दीपों से जगमगाने को तैयार अयोध्या, आज से सील होगी राम की पैड़ी, बिना पास धारकों को नहीं मिलेगा प्रवेश

 

संबंधित समाचार