हरदोई। जिले के अहिरोरी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पत्रकार सुमित तिवारी को अपनी पत्नी का वैक्सिनेशन करना महंगा पड़ गया। खबर से खुन्नस खाये डॉक्टर व अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने पत्रकार के साथ मारपीट की, और उसकी पत्नी को 3 घण्टे तक बंधक बनाये रखा। हालांकि स्वास्थ्यकर्मियों की हरकत को पत्रकार ने कैमरे में कैद कर लिया जिसमें चिकित्सक एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मी खबर को लेकर अपना आक्रोश जताते हुए अभद्रता करते नजर आ रहे हैं। बावजूद इसके पीड़ित पत्रकार के विरुद्ध थाना टड़ियावां में केस दर्ज करा दिया गया है। उधर पीड़ित पत्रकार ने भी इंसाफ की गुहार लगाई है।
बताया गया कि पत्रकार सुमित तिवारी अहिरोरी ब्लाक से संवाददाता हैं। कुछ माह पूर्व स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बेड पर कुत्ता लेटे होने का समाचार फोटो के साथ प्रकाशित किया था। गत दिवस वह अपनी पत्नी को वैक्सीन लगवाने के लिए जब स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे तो उन्हें देखते हुए चिकित्सक व स्वास्थ्यकर्मी आग बबूला हो गए, और अभद्रता करने लगे। वीडियो में पत्रकार की पत्नी से भी बदसलूकी करते स्वास्थ्यकर्मी व चिकित्सक नजर आ रहे हैं।
पत्रकार की पत्नी का आरोप है कि उन्हें 3 घण्टे तक बंधक बनाए रखा गया, उनके पति द्वारा पूर्व में प्रकाशित समाचार को लेकर खुन्नस खाये चिकित्सक ने बदसलूकी की। जब वह अपनी शिकायत लेकर थाने पहुंचीं तो पता चला कि सीएचसी के चिकित्सक द्वारा उनके पति के विरुद्ध केस दर्ज कराया दिया गया है। पीड़ित पत्रकार व उसकी पत्नी ने इंसाफ की गुहार लगाई है। उधर प्रकरण को संज्ञान में लेते हुए हरदोई प्रेस क्लब ने लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर कुठाराघात बताया है। पत्रकार के उत्पीड़न को लेकर प्रेस क्लब के अध्यक्ष हरिश्याम बाजपेयी ने वृहद आंदोलन की चेतावनी दी है।