Teacher Transfer : यूपी में शिक्षकों के अंतर्जनपदीय तबादले में एक और श्रेणी शामिल, ऑटिज्म से पीड़ित बच्चों के अभिभावकों को भी मिलेगा मौका

स्थानांतरण प्रक्रिया में शामिल हुई नई श्रेणी, राजकीय चिकित्सा संस्थान से प्रमाणित बीमारी का प्रमाणपत्र लगाना होगा अनिवार्य

उत्तर प्रदेश में बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में कार्यरत शिक्षकों के अंतरजनपदीय स्थानांतरण की प्रक्रिया में एक नई श्रेणी जोड़ी गई है। अब ऑटिज्म स्पेक्ट्रम डिसऑर्डर (ASD) से पीड़ित बच्चों के अभिभावक भी तबादले के लिए आवेदन कर सकेंगे, जिसके लिए राजकीय चिकित्सा संस्थान का प्रमाणपत्र अनिवार्य होगा।

ललितपुर, अमृत विचार : उत्तर प्रदेश में बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में कार्यरत शिक्षकों और शिक्षिकाओं के अंतरजनपदीय स्थानांतरण की प्रक्रिया में एक और श्रेणी को शामिल किया गया है। अब ऑटिज्म स्पेक्ट्रम डिसऑर्डर (ASD) से पीड़ित बच्चों के अभिभावक भी अंतरजनपदीय तबादले के लिए आवेदन कर सकेंगे। इसके लिए बच्चे की बीमारी का प्रमाणपत्र राजकीय चिकित्सा संस्थान से प्रमाणित होना जरूरी होगा।

इस संबंध में महानिदेशक, स्कूल शिक्षा के छह नवंबर 2026 को जारी निर्देश के बाद ललितपुर के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को आदेश जारी किया है। आदेश के मुताबिक, शैक्षिक सत्र 2026-27 में अंतर्जनपदीय स्थानांतरण के लिए शासनादेश में पहले से निर्धारित पात्रता शर्तों के साथ ऑटिज्म से पीड़ित बच्चों के अभिभावकों को भी शामिल किया गया है।

20 नवंबर तक जमा करना होगा आवेदन

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिया है कि पात्र शिक्षक और शिक्षिकाएं अपना आवेदन 20 नवंबर 2026 तक संबंधित ब्लॉक संसाधन केंद्र (BRC) पर जमा करें। वहीं, खंड शिक्षा अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों की सूची तैयार कर संबंधित अभिलेखों के साथ सॉफ्ट और हार्ड कॉपी में 21 नवंबर तक जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

यह भी पढ़ें : आस्था का महापर्व छठ : 36 घंटे के कठिन निर्जल व्रत, शुद्धता और सूर्योपासना का अनूठा संगम

About The Author: Virendra Pandey

वीरेंद्र कुमार पाण्डेय वर्ष 2009 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। वर्तमान में वह AmritVichar.com में वरिष्ठ संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से जनसंचार में स्नातकोत्तर तथा डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय से विधि स्नातक की उपाधि प्राप्त की है।
पत्रकारिता और कानून, दोनों विषयों की गहरी समझ के कारण उनकी रिपोर्टिंग सटीक, तथ्यपरक और विश्वसनीय मानी जाती है। अपने पत्रकारिता जीवन में उन्होंने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, अपराध, प्रशासन तथा न्यायालय से जुड़े गंभीर और महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक रिपोर्टिंग की है। AmritVichar.com से पहले वह स्वतंत्र भारत, 4पीएम और ईटीवी जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।