Hardoi News : बिलग्राम सीएचसी की बदहाल व्यवस्था, जांच मशीन बंद और पेयजल का भी संकट

अस्पताल परिसर में पेयजल की समुचित व्यवस्था न होने से मरीजों और तीमारदारों की परेशानी और बढ़ गई है

बिलग्राम सीएचसी की पुरानी परिसर में संचालित पैथोलॉजी लैब की बायोकेमिस्ट्री मशीन करीब एक साल से खराब है। इससे जरूरी जांच प्रभावित हो रही हैं। वहीं, पेयजल की उचित व्यवस्था न होने से मरीजों और तीमारदारों को परेशानी उठानी पड़ रही है।

बिलग्राम/हरदोई, अमृत विचार। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बिलग्राम की पुरानी परिसर में संचालित पैथोलॉजी लैब की बायोकेमिस्ट्री मशीन करीब एक साल से खराब पड़ी है। मशीन बंद होने से मरीजों को जरूरी जांच के लिए भटकना पड़ रहा है। वहीं, अस्पताल परिसर में पेयजल की समुचित व्यवस्था न होने से मरीजों और तीमारदारों की परेशानी और बढ़ गई है।

मशीन खराब, प्रभावित हो रही हैं जरूरी जांचें

सीएचसी की पैथोलॉजी लैब में रखी बायोकेमिस्ट्री मशीन लंबे समय से काम नहीं कर रही है। इसके चलते बायोकेमिस्ट्री से संबंधित जांच प्रभावित हो रही हैं। सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं पर निर्भर मरीजों को जांच के लिए दूसरे विकल्प तलाशने पड़ रहे हैं। लैब टेक्नीशियन आशीष आरएन वर्मा और मोहित कुमार ने बताया कि मशीन को ठीक कराने के लिए कई बार शिकायत की जा चुकी है। इंजीनियर भी कई बार मशीन देखने आए, लेकिन अब तक उसे दुरुस्त नहीं किया जा सका है।

पेयजल की व्यवस्था भी नाकाफी

पुरानी सीएचसी परिसर में पेयजल की व्यवस्था भी मरीजों और उनके तीमारदारों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। पानी पीने के लिए लोगों को इधर-उधर जाना पड़ता है। ऐसे में इलाज और जांच के लिए आने वाले मरीजों को बुनियादी सुविधाओं के अभाव का सामना करना पड़ रहा है।

जिम्मेदारों से समाधान की उम्मीद

करीब एक साल से मशीन खराब होने और पेयजल की समस्या बने रहने से मरीजों की मुश्किलें बढ़ रही हैं। अब देखना यह है कि स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदार अधिकारी इन समस्याओं का संज्ञान लेकर कब तक समाधान कराते हैं।

यह भी पढ़ें:-Azam Khan : अखिलेश के बाद अब डासना जेल में आजम खान से मिले शिवपाल यादव, बोले- सपा में हैं और हमेशा रहेंगे

 

About The Author: Deepak Chandra Mani

दीपक चंद्र मणि हिंदी डिजिटल पत्रकारिता में करीब 12 वर्षों का अनुभव रखते हैं। उन्होंने ETV Bharat, Namaste.in, Azad Aaina, और Lokmat हिंदी जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं। कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ एडिटिंग और डिजिटल मीडिया संचालन में उनकी मजबूत पकड़ है। वर्तमान में वह पिछले पांच वर्षों से अमृत विचार मीडिया हाउस के डिजिटल विभाग में डेस्क इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। इस भूमिका में वह समाचारों की गुणवत्ता, तथ्यपरकता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए पाठकों तक तेज, सटीक और प्रभावी खबरें पहुंचाने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं।