50 हजार युवाओं को CM योगी वितरीत करेगें टैबलेट : राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर होगा कार्यक्रम; लखनऊ के 7 रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्जन

रविवार सुबह सात बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक लागू रहेगी व्यवस्था

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 15 नवंबर को लखनऊ के राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर 50 हजार विद्यार्थियों को टैबलेट वितरित करेंगे। स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत प्रदेश में 25 लाख अतिरिक्त टैबलेट बांटने के अभियान की शुरुआत होगी। कार्यक्रम को देखते हुए यातायात पुलिस ने सुबह सात बजे से आयोजन समाप्त होने तक सात प्रमुख रास्तों पर डायवर्जन लागू किया है। जानिए किन रास्तों पर रहेगी पाबंदी और वाहन चालकों के लिए क्या होंगे वैकल्पिक मार्ग।

लखनऊ, अमृत विचार। राजधानी लखनऊ में रविवार, 15 नवंबर को राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर प्रस्तावित वीआईपी कार्यक्रम के चलते यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव रहेगा। सुबह सात बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक सात प्रमुख रास्तों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। कई मार्गो पर भारी और व्यावसायिक वाहनों के साथ सामान्य यातायात भी बंद रहेगा। ऐसे में घर से निकलने से पहले रूट की जानकारी जरूर कर लें, ताकि रास्ते में जाम या परेशानी का सामना न करना पड़े।

दरअसल, राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर डिजिशक्ति योजना के तहत टैबलेट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चयनित छात्र-छात्राओं को टैबलेट वितरित करेंगे। कार्यक्रम को देखते हुए यातायात पुलिस ने रूट डायवर्जन लागू किया है और वाहन चालकों से वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की है।

इन सात रास्तों पर रहेगा प्रतिबंध

बाजनगर किसानपथ अंडरपास: यहां से छंदोइया बाईपास की ओर भारी वाहन नहीं जा सकेंगे।

कसमंडी स्थित हमसफर लॉन अंडरपास: अंधे की चौकी की ओर सभी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।

छंदोइया बाईपास तिराहा: यहां से कार्यक्रम स्थल और भिठौली तिराहे की ओर वाहन नहीं जा सकेंगे। इन्हें अंधे की चौकी, किसानपथ अंडरपास और दुबग्गा की ओर भेजा जाएगा।

तिकोनिया तिराहा: यहां से दुबग्गा और छंदोइया बाईपास की ओर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

भिठौली तिराहा: यहां से कार्यक्रम स्थल की ओर यातायात बंद रहेगा।

नया पक्का पुल और कुड़ियाघाट तिराहा: घैला तिराहे की ओर बड़े और सामान्य वाहन नहीं जा सकेंगे। इन्हें रूमीगेट, कोनेश्वर, बालागंज और दुबग्गा होकर निकाला जाएगा।

दुबग्गा तिराहा: यहां से छंदोइया बाईपास की ओर सभी वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी।

यातायात पुलिस के अनुसार, चिकित्सकीय आपात स्थिति में एंबुलेंस को प्रतिबंधों से छूट रहेगी। किसी तरह की परेशानी या यातायात संबंधी जानकारी के लिए यातायात नियंत्रण कक्ष के मोबाइल नंबर 9454405155 पर संपर्क किया जा सकता है।

50 हजार विद्यार्थी होंगे कार्यक्रम में शामिल

राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर आयोजित कार्यक्रम में डिजिशक्ति योजना के तहत लखनऊ विश्वविद्यालय के चयनित विद्यार्थियों को भी टैबलेट वितरित किए जाएंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन ने पात्र छात्र-छात्राओं को जारी सूची में अपना नाम और आवंटित बस संख्या जांचने के निर्देश दिए हैं। विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय परिसर से राष्ट्र प्रेरणा स्थल तक ले जाने के लिए बसों की व्यवस्था की जाएगी। बसों से जुड़ी विस्तृत जानकारी और अन्य दिशा-निर्देश विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराए जाएंगे। प्रशासन ने विद्यार्थियों से निर्धारित बस में ही बैठने और जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

युवाओं को मिलेंगे 25 लाख अतिरिक्त टैबलेट

स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत प्रदेश सरकार 25 लाख अतिरिक्त टैबलेट वितरित करने की तैयारी कर रही है। इस अभियान की शुरुआत 15 नवंबर को लखनऊ के राष्ट्र प्रेरणा स्थल से होगी। कार्यक्रम में लखनऊ, हरदोई, सीतापुर और उन्नाव के करीब 50 हजार छात्र-छात्राओं के शामिल होने की जानकारी दी गई है। योजना के तहत अब तक प्रदेश में करीब 60 लाख टैबलेट और स्मार्टफोन विद्यार्थियों को वितरित किए जा चुके हैं। वर्ष 2026-27 के लिए 25 लाख अतिरिक्त टैबलेट की आपूर्ति भी जनपदों को शुरू कर दी गई है। सरकार का उद्देश्य विद्यार्थियों को डिजिटल शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार से जुड़ी जानकारियों तक आसान पहुंच उपलब्ध कराना है।

2021-22 में शुरू हुई थी योजना

स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना की शुरुआत वर्ष 2021-22 में हुई थी। 25 दिसंबर 2021 को लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में इसका शुभारंभ किया गया था। इसके तहत उच्च शिक्षा, प्राविधिक शिक्षा, व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास, चिकित्सा और कृषि समेत विभिन्न क्षेत्रों के पात्र विद्यार्थियों को टैबलेट और स्मार्टफोन दिए गए।

आयु और आय की बाध्यता नहीं

योजना के दायरे में प्रदेश के विभिन्न विभागों से संबद्ध विश्वविद्यालयों और शिक्षण संस्थानों के पात्र विद्यार्थी शामिल हैं। केंद्रीय विश्वविद्यालयों के विद्यार्थी भी इसका लाभ ले सकते हैं। योजना के लिए आय या आयु की कोई सीमा निर्धारित नहीं है। टैबलेट के माध्यम से विद्यार्थी ऑनलाइन अध्ययन सामग्री, डिजिटल लाइब्रेरी, शैक्षणिक प्लेटफॉर्म, कौशल पाठ्यक्रम और रोजगार संबंधी जानकारी हासिल कर सकेंगे।

ये भी पढ़ें :
Childrens Day : टॉफी बांटी, बच्चों को दुलारा और खूब जताया प्यार, बाल दिवस पर CM योगी का दिखा अलग अंदाज

About The Author: Anjali Singh

अंजलि सिंह वर्ष 2022 से मीडिया एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने Modern Girls College of Professional Studies से स्नातक की पढ़ाई पूरी की है. वर्तमान में वह AmritVichar.com में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं, जहां वह देश-विदेश, उत्तर प्रदेश, धर्म, मनोरंजन और समसामयिक विषयों से जुड़ी खबरों का लेखन करती हैं.
इससे पहले उन्होंने वर्ष 2022 में तरुण मित्र में वॉइस ओवर आर्टिस्ट और कॉपी एडिटर के रूप में काम किया. वर्ष 2023 में Digital Anamark में कंटेंट राइटर के रूप में कार्य किया, जहां उन्होंने भाजपा विधायक राजेश्वर सिंह से जुड़े कंटेंट और सोशल मीडिया मैनेजमेंट का काम किया. उन्हें डिजिटल मीडिया में कंटेंट लेखन और सोशल मीडिया कंटेंट तैयार करने का अनुभव है.