हरदोई, अमृत विचार: जिले में शराब ठेके के सेल्समैन से ढाई लाख रुपये की लूट की वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों और पुलिस की संयुक्त टीम के बीच गुरुवार रात पिहानी रोड पर आमने-सामने की मुठभेड़ हो गई। 31 पुलिस जवानों की घेराबंदी में फंसे लुटेरों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी फायरिंग में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल होकर गिर पड़ा। वहीं, पुलिस टीम ने भागने की कोशिश कर रहे उसके तीन अन्य साथियों को दौड़ाकर दबोच लिया। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से लूटी गई नकदी का बड़ा हिस्सा, दो मोटरसाइकिल, चार मोबाइल फोन और एक अवैध तमंचा बरामद किया है।
8 नवंबर की रात सेल्समैन से हुई थी ढाई लाख रुपये की लूट
घटना के विवरण के अनुसार, हरियावां देशी शराब ठेके का सेल्समैन राजेश कुमार निवासी आशानगर, कैंटीन संचालक सुरजीत कुमार के साथ 8 नवंबर की देर रात करीब ढाई लाख रुपये नकद लेकर बाइक से वापस लौट रहा था। इसी दौरान पिहानी रोड पर पोखरी के पास दो बाइकों पर सवार चार अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और नकदी से भरा थैला लूटकर फरार हो गए थे। पीड़ित राजेश कुमार की तहरीर पर पुलिस ने लूट का मुकदमा दर्ज किया और घटना के खुलासे के लिए इलाके के कई सीसीटीवी कैमरे खंगालने के साथ ही अहम सुराग जुटाने शुरू किए।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम ने बिछाया जाल
गुरुवार रात कोतवाली देहात पुलिस पिहानी रोड पर नियमित चेकिंग कर रही थी। इसी बीच मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि दो बाइकों पर सवार चार संदिग्ध युवक पोखरी की तरफ से आ रहे हैं। जानकारी मिलते ही कोतवाली देहात प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) समर बहादुर सिंह अपनी 18 सदस्यीय टीम के साथ सक्रिय हुए और सर्विलांस प्रभारी अब्दुल जब्बार तथा स्वाट/एसओजी प्रभारी राजेश कुमार की 13 सदस्यीय टीम के साथ मिलकर इलाके की घेराबंदी कर दी।
कुछ ही देर में दो बाइकों पर सवार चारों युवक आते दिखाई दिए। पुलिस टीम द्वारा रुकने का इशारा करने पर बदमाशों ने भागते हुए पुलिस पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से रिक्खापुरवा निवासी विजेंद्र पुत्र भभूति के पैर में गोली लगी और वह वहीं गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस जवानों ने पीछा करते हुए उसके ही गांव के निवासी अंकुल पुत्र ओमप्रकाश, गंगेव पुत्र सुरेंद्र और हरियावां थाना क्षेत्र के उतरा निवासी शोभित पुत्र वीरेंद्र को धर दबोचा।
नकदी, दो बाइक और अवैध असलहा बरामद
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में चारों आरोपियों ने शराब ठेका सेल्समैन के साथ हुई लूट की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। पुलिस ने लुटेरों के पास से लूट की रकम में से एक लाख 45 हजार 730 रुपये नकद, वारदात में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल, चार मोबाइल फोन, एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है और सभी आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।