प्रतापगढ़ में साइकिल से सपनों को मिलेगी नई उड़ान, पर्वतपुर में प्रधान बबऊ ने 101 छात्राओं को बांटी साइकिल

21 से शुरू हुआ सफर पहुंचा 100 के पार, बेटियों की पढ़ाई को रफ्तार देने आगे आए ग्राम प्रधान राजेंद्र प्रताप

पर्वतपुर में ग्राम प्रधान बबऊ ने 101 छात्राओं को साइकिल वितरित कर उनकी शिक्षा और आत्मनिर्भरता की राह आसान बनाने की पहल की। साइकिल पाकर छात्राओं के चेहरे खिल उठे। कार्यक्रम में पूर्व प्रधानाचार्य ने बेटियों को आत्मनिर्भर बनते देखने को समाज के लिए गर्व का विषय बताया।

प्रतापगढ़, अमृत विचार : उच्च शिक्षा की राह में दूरी और संसाधनों की तंगी अब गांव की बेटियों के कदम नहीं रोकेगी। मानधाता क्षेत्र के पर्वतपुर गांव में मंगलवार को एक भावुक और प्रेरणादायक दृश्य देखने को मिला, जब स्नातक प्रथम वर्ष में पढ़ाई कर रहीं 101 मेधावी छात्राओं को नि:शुल्क साइकिलें सौंपी गईं।

रंग-बिरंगी साइकिलें हाथ में आते ही छात्राओं के चेहरे खुशी और आत्मविश्वास से खिल उठे। ग्राम प्रधान राजेंद्र प्रताप सिंह 'बबऊ' द्वारा आयोजित इस सम्मान समारोह में बेटियों की इस उपलब्धि और हौसले पर पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया गया।

चौराहों पर इंतजार देखा,तो ठान ली मदद की राह

कार्यक्रम के आयोजक ग्राम प्रधान राजेंद्र प्रताप सिंह बबऊ ने इस मुहिम के पीछे की वजह साझा करते हुए बताया कि अक्सर गांव की बेटियां कॉलेज पैदल जाती थीं। कॉलेज तक जाने के लिए चौराहों पर घंटों गाड़ियों का इंतजार करती थीं। साधन न मिलने पर कई बार उनकी कक्षाएं छूट जाती थीं। इसी परेशानी को दूर करने के लिए उन्होंने सहयोगियों के माध्यम से ऐसी जरूरतमंद बालिकाओं को चिह्नित कराया, जिन्होंने 12वीं पास कर स्नातक में प्रवेश लिया है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2018 में महज 21 बेटियों से शुरू हुई यह मुहिम आज 101 साइकिलों तक पहुंच गई है। बेटियों को आत्मनिर्भर बनते देखना ही सबसे बड़ा आत्मिक सुख है।

बेटियां शिक्षित होंगी तो सवरेंगे दो परिवार :  विनोद सिंह

समारोह के मुख्य अतिथि बीएसएस एकेडमी के निदेशक विनोद सिंह ने ग्राम प्रधान के इस कदम की सराहना करते हुए कहा कि एक बेटी की शिक्षा केवल उसकी व्यक्तिगत प्रगति नहीं है, जब एक बेटी पढ़ती है तो वह दो परिवारों को शिक्षित और संस्कारी बनाती है। वहीं अध्यक्षता कर रहे बीडी मिश्र इंटर कॉलेज तारापुर के प्रधानाचार्य विनोद कुमार शुक्ल ने इसे समाज निर्माण से जुड़ा पुनीत कार्य बताया।

उत्साह और सम्मान का माहौल

समारोह के दौरान अखिलेश सिंह, देवेंद्र सिंह, जीएसटी इंटेलिजेंस मुंबई के एडिशनल असिस्टेंट डायरेक्टर धनंजय सिंह 'दीपक' और रश्मि सिंह ने बालिकाओं पर फूल बरसाकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम का संचालन दिवाकर सिंह ने किया। इस अवसर पर सूर्यबली मिश्र, हरिकेश बहादुर सिंह, प्रधान रमेश प्रताप सिंह, नीरज सिंह, कमलेश बहादुर सिंह, शिव शंकर बौद्ध, अरुण सिंह, राकेश सिंह, ओम प्रकाश पुष्पाकर, रिंकू मिश्र, वीरेंद्र सिंह सोनू, अंसार अहमद, सतीश यादव और शनि शुक्ला सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण व गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

इनपुट- रवि प्रकाश सिंह चंदन

ये भी पढ़ें :

68,500 शिक्षक भर्ती आरक्षण विसंगति : 71 वे दिन भी अभ्यर्थियों का धरना जारी, दीपावली पर भी नहीं गया कोई घर

About The Author: Anjali Singh

अंजलि सिंह वर्ष 2022 से मीडिया एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने Modern Girls College of Professional Studies से स्नातक की पढ़ाई पूरी की है. वर्तमान में वह AmritVichar.com में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं, जहां वह देश-विदेश, उत्तर प्रदेश, धर्म, मनोरंजन और समसामयिक विषयों से जुड़ी खबरों का लेखन करती हैं.
इससे पहले उन्होंने वर्ष 2022 में तरुण मित्र में वॉइस ओवर आर्टिस्ट और कॉपी एडिटर के रूप में काम किया. वर्ष 2023 में Digital Anamark में कंटेंट राइटर के रूप में कार्य किया, जहां उन्होंने भाजपा विधायक राजेश्वर सिंह से जुड़े कंटेंट और सोशल मीडिया मैनेजमेंट का काम किया. उन्हें डिजिटल मीडिया में कंटेंट लेखन और सोशल मीडिया कंटेंट तैयार करने का अनुभव है.