कुंडा में सज रहा आस्था का महाकुंभ: 7 जोन और 9 सेक्टरों में बंटा बेंती का मैदान, भारी वाहनों के लिए रूट डायवर्जन लागू

बेंती में 17 से 20 नवंबर तक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का दिव्य दरबार, चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात और ट्रैफिक डायवर्जन शुरू

प्रतापगढ़ के कुंडा में बेंती स्थित परेड ग्राउंड में 17 से 20 नवंबर तक होने वाली श्रीराम कथा के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। क्षेत्र को 7 जोन और 9 सेक्टरों में बांटा गया है।

कुंडा (प्रतापगढ़), अमृत विचार: प्रतापगढ़ के कुंडा तहसील अंतर्गत हथिगवां के बेंती स्थित परेड ग्राउंड में 17 से 20 नवंबर तक आयोजित होने वाली बहुचर्चित श्रीराम कथा और दिव्य दरबार को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कथा स्थल पर उमड़ने वाली भारी भीड़ और सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस-प्रशासन ने चाक-चौबंद व्यवस्था की है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरे कथा क्षेत्र को 7 जोन और 9 सेक्टरों में विभाजित किया गया है, जिसकी कमान पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारियों को सौंपी गई है। कार्यक्रम स्थल और आसपास के इलाकों में सुरक्षा के लिए 1,000 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।

चप्पे-चप्पे पर खाकी का पहरा, सादे कपड़ों में भी मुस्तैद रहेगी पुलिस

एएसपी पश्चिमी बृजनंदन राय ने सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी देते हुए बताया कि प्रतापगढ़ के अलावा फतेहपुर, कौशाम्बी और प्रयागराज कमिश्नरेट से भी अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है। भीड़भाड़ का फायदा उठाने वाले जेबकतरों, अराजक तत्वों और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के लिए सिविल ड्रेस (सादे वस्त्रों) में भी खुफिया और पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा, पूरे परिसर और प्रमुख मार्गों की निगरानी के लिए आधुनिक सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं ताकि हर गतिविधि पर पल-पल की नजर रखी जा सके।

भारी वाहनों के लिए रूट डायवर्जन और ट्रैफिक प्लान लागू

श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही और जाम से निपटने के लिए एसपी दीपक भूकर के निर्देश पर कुंडा थाना क्षेत्र में भारी वाहनों के लिए विशेष रूट डायवर्जन और बैरियर व्यवस्था लागू कर दी गई है। यह ट्रैफिक प्लान प्रतिदिन सुबह 10:00 बजे से रात्रि 22:00 बजे तक प्रभावी रहेगा:

मझिलगांव पुलिस चौकी: शेखपुर आशिक की तरफ आने वाले भारी वाहनों को बाबूगंज रोककर भदरी की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।

दुखिया चौराहा: बिहार की तरफ से कुंडा आने वाले बड़े वाहनों को बाबूगंज से मझिलगांव भेजा जाएगा।

कबड़ियागंज बैरियर: बाबूगंज की तरफ से आने वाले बड़े वाहनों का कुंडा कस्बे में प्रवेश रोककर तिलौरी नहर के रास्ते बिहार रोड की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।

करेंटी एवं बेंती अंडरपास बैरियर: इन दोनों बिंदुओं पर सभी कमर्शियल और भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

गांधीनगर और मवई बाईपास: मनगढ़, मानिकपुर और प्रयागराज की तरफ से आने वाले भारी वाहनों को मवई बाईपास और गांधी तिराहे से वैकल्पिक मार्गों की ओर भेजा जाएगा।

छोटे वाहनों और ई-रिक्शा के लिए निर्धारित किए गए नए प्वाइंट

यातायात नियंत्रित करने के लिए ऑटो, ई-रिक्शा और छोटे वाहनों के संचालन के स्थान भी तय किए गए हैं। बाबूगंज की तरफ से आने वाले वाहन कबड़ियागंज नहर से, बिहार व ताजपुर की तरफ से आने वाले तिलौरी मोड़ के पास से, मनगढ़ की तरफ से आने वाले पावर हाउस के पास से और करेंती-बेंती मार्ग के वाहन संबंधित अंडरपास के पास से संचालित होंगे। एसपी दीपक भूकर ने आम नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि किसी भी असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें और ड्यूटी पर मुस्तैद पुलिसकर्मियों का पूरा सहयोग करें।

इनपुट : रवि प्रकाश सिंह चंदन/संदीप साहू

यह भी पढ़ें:-
प्रतापगढ़ : लोक आस्था का चार दिवसीय छठ महापर्व शुरू, सई नदी घाट पर व्रती महिलाओं ने बनाई बेदी

About The Author: Darakhshan Quadir Siddiqui