प्रतापगढ़ : लोक आस्था का चार दिवसीय छठ महापर्व शुरू, सई नदी घाट पर व्रती महिलाओं ने बनाई बेदी

Amrit Vichar Network
Edited By Virendra Pandey
On

बेल्हा देवी धाम स्थित सई नदी तट पर पारंपरिक लोकगीतों के साथ गूंजा छठ का उत्साह, व्रती महिलाओं ने तैयार की पूजन बेदी; रविवार शाम डूबते और सोमवार सुबह उगते सूर्य को देंगी अर्घ्य

लोक आस्था के महापर्व छठ की शुरुआत शनिवार को सई नदी तट पर गूंजते पारंपरिक लोकगीतों और अपार उत्साह के साथ हो गई। बेल्हा देवी धाम स्थित सई नदी के पावन घाट पर शनिवार को व्रती महिलाओं ने पहुंचकर अपने हाथों से पूजन के लिए विशेष बेदी तैयार की।

​प्रतापगढ़, अमृत विचार : लोक आस्था के महापर्व छठ की शुरुआत शनिवार को सई नदी तट पर गूंजते पारंपरिक लोकगीतों और अपार उत्साह के साथ हो गई। बेल्हा देवी धाम स्थित सई नदी के पावन घाट पर शनिवार को व्रती महिलाओं ने पहुंचकर अपने हाथों से पूजन के लिए विशेष बेदी तैयार की। इसके साथ ही महिलाओं के 36 घंटे के कठिन निर्जला व्रत का संकल्प पूरा हुआ। ​रविवार शाम को व्रती महिलाएं अस्ताचलगामी (डूबते) सूर्य को और सोमवार की सुबह उदयाचलगामी (उगते) सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि और लंबी आयु की कामना करेंगी।

वहीं नगर पालिका प्रशासन ने सई नदी घाट पर तैयारियों को अंतिम रूप दिया। फूलों और अपशिष्ट पदार्थों के लिए घाट पर अर्पण कलश की स्थापना की गई है। इस संबंध में घाट पर मौजूद सफाई निरीक्षक संतोष कुमार सिंह ने बताया कि अध्यक्ष एवं ईओ के निर्देश पर घाटों की बेहतर सफाई कराई गई है। अर्पण कलश,चेंजिंग रूम बनाया गया है। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर घाट पर बैरीकेडिंग और नाविकों की व्यवस्था की गई है। जल,प्रकाश और अन्य सुविधाओं की बेहतर व्यवस्था की गई है।

​खरना के साथ शुरू हुआ 36 घंटे का निर्जला व्रत

​चार दिवसीय महापर्व के दूसरे दिन शनिवार को 'खरना' मनाया गया। व्रती महिलाओं ने शाम को स्नान-ध्यान के बाद शुद्ध मन से गुड़ की खीर का प्रसाद तैयार किया। इसे ग्रहण करने के साथ ही महिलाओं ने 36 घंटे के निर्जला व्रत का संकल्प लिया और छठी मइया से व्रत को निर्विघ्न पूर्ण कराने की मन्नत मांगी।

​इससे पहले, महिलाओं का समूह ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक उल्लास के साथ बेल्हा देवी धाम के सई नदी घाट पर पहुंचा और रविवार के मुख्य पूजन के लिए अपनी-अपनी वेदियों का निर्माण किया। महिलाओं ने पहले से ही घाट पर अपने स्थान चिन्हित कर साफ-सफाई कर रखी थी।

​बाजारों में दिखी चहल-पहल, सजी दुकानें

​छठ पर्व को लेकर प्रतापगढ़ के बाजारों में जबरदस्त उत्साह और रौनक देखने को मिली। शनिवार को शहर में साप्ताहिक बंदी का दिन होने के बावजूद पर्व के मद्देनजर दुकानें खुली रहीं। ​डाला, दउरी, सूप और फल-फूल की दुकानों पर खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ी। ​ग्रामीण इलाकों से आए दुकानदारों ने सड़क किनारे बांस से निर्मित डाला और सूप की जमकर बिक्री की।

​रविवार को सुबह से ही बेल्हा देवी धाम से लेकर सई नदी घाट तक उत्सव जैसा माहौल रहेगा। दोपहर बाद से ही व्रती महिलाओं का जत्था गाजे-बाजे और परिजनों के साथ घाट की ओर प्रस्थान करेगा। महापर्व के अवसर पर धाम परिसर में विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रमों और आतिशबाजी का भी आयोजन किया गया है, जिससे पूरा क्षेत्र देर रात तक आस्था के रंग में सराबोर नजर आएगा।

इनपुट : रवि प्रकाश सिंह चंदन

संबंधित समाचार