मिशन शक्ति: प्रतापगढ़ पुलिस को मिलीं 14 नई स्कूटियां, एसपी दीपक भूकर ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने CSR के तहत हरी झंडी दिखाकर वाहनों को किया रवाना, अब तक कुल 24 स्कूटियां महिला पुलिस बल को हुईं उपलब्ध, एंटी रोमियो टीमों को मिलेगी मजबूती

प्रतापगढ़ में महिला सुरक्षा अभियानों को धार देने के लिए पुलिस को CSR के तहत 14 नई स्कूटियां मिली हैं। एसपी दीपक भूकर ने इन्हें हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान महिला पुलिसकर्मियों में भारी उत्साह देखने को मिला और उन्होंने नई स्कूटियों के साथ सेल्फी लेकर इस पल को यादगार बनाया।

प्रतापगढ़, अमृत विचार: जनपद में महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के अभियानों को अब और अधिक गति मिलने जा रही है। शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के तहत महिला पुलिस कर्मियों को 14 नई स्कूटियों की चाबियां सौंपीं। इसके बाद हरी झंडी दिखाकर इन वाहनों को रवाना किया गया।

इस दौरान महिला पुलिसकर्मियों में भारी उत्साह देखने को मिला और उन्होंने नई स्कूटियों के साथ सेल्फी लेकर इस पल को यादगार बनाया। इससे पहले भी मिशन शक्ति केंद्रों के लिए 10 स्कूटियां वितरित की जा चुकी हैं, जिन्हें मिलाकर अब तक कुल 24 स्कूटियां महिला पुलिस बल को उपलब्ध कराई जा चुकी हैं।

हरी झंडी दिखाकर स्कूटियों को रवाना करते एसपी दीपक भूकर
 
भीड़भाड़ वाले इलाकों में सघन पेट्रोलिंग और त्वरित मदद में होगा उपयोग

प्रशासन द्वारा दी गई इन नई स्कूटियों का उपयोग महिला पुलिस कर्मियों और एंटी रोमियो टीमों द्वारा स्कूल-कॉलेज, बाजारों, रेलवे स्टेशनों और अन्य भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थलों पर सघन पेट्रोलिंग करने के लिए किया जाएगा। इसके अलावा महिलाओं और बालिकाओं से जुड़ी किसी भी शिकायत पर बिना किसी देरी के सीधे घटनास्थल पर पहुँचने तथा महिला सुरक्षा योजनाओं और हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी जन-जन तक पहुँचाने में ये वाहन बेहद मददगार साबित होंगे।

कार्यक्रम के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी आलोक कुमार, प्रतिसार निरीक्षक राजीव राय, परिवहन शाखा प्रभारी भगवान दास यादव समेत कई अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। एसपी प्रतापगढ़ ने सभी महिला कर्मियों को सख्त निर्देश दिए कि इन वाहनों का उपयोग पूरी जिम्मेदारी और मुस्तैदी के साथ किया जाए, ताकि महिलाओं की सुरक्षा को हर हाल में सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा सके।

यह भी पढ़ें:-
UPSSSC: 11 महीने से नियुक्ति की राह देख रहे अभ्यर्थियों का सब्र टूटा, स्वास्थ्य भवन पहुंचे चयनित नेत्र परीक्षण अधिकारी

About The Author: Darakhshan Quadir Siddiqui